बिलासपुर के घुमारवीं क्षेत्र से लापता आनंद शर्मा का शव स्वारघाट के पास गहरी खाई में मिला. पुलिस ने शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण पता चलेगा.
जानकारी के अनुसार आनंद शर्मा 11 मार्च को अपने घर से मोहाली जाने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद से ही परिजनों का उससे संपर्क टूट गया. युवक के घर वापस न लौटने पर चिंतित परिजनों ने 13 मार्च को पुलिस थाना घुमारवीं में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.
इसी बीच शनिवार दोपहर बाद पुलिस थाना स्वारघाट को सूचना मिली कि हिमाचल–पंजाब सीमा के समीप टोल प्लाजा ग्रामोड़ा और एंट्री टैक्स टोल बैरियर के नजदीक गर बघेरी लिंक रोड से नीचे खाई में एक युवक का शव झाड़ियों में पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही स्वारघाट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना घुमारवीं की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
बताया जा रहा है कि जहां शव मिला है, वहां सड़क किनारे एक स्कूटी भी खड़ी पाई गई, जिसे मृतक की बताया जा रहा है. शव गहरी खाई में होने और चारों ओर घनी झाड़ियों के कारण उसे बाहर निकालना काफी चुनौतीपूर्ण रहा. ऐसे में पुलिस और राहत दल को शव को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी. कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया.
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत दुर्घटना के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.