Chhattisgarh Ka Mausam Update: छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है और कई जिलों में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. राजधानी रायपुर में हल्की धुंध के साथ अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री रहने का अनुमान है. जानिए छत्तीसगढ़ के मौसम का ताजा अपडेट और अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान.
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं. आने वाले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और तापमान भी लगभग इसी स्तर पर बना रह सकता है. यानी लोगों को अभी कुछ दिन और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
पूरे प्रदेश में शुष्क रहा मौसम
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बीते दिन पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई. वर्षा के मुख्य आंकड़ों में भी पूरे प्रदेश में निरंक स्थिति रही. ऐसे में साफ मौसम और तेज धूप की वजह से दिन के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है.
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 39.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है.
प्रदेश से गुजर रही निम्न दबाव रेखा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ से होते हुए बिहार से मराठवाड़ा तक समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर एक निम्न दबाव रेखा बनी हुई है. हालांकि फिलहाल इसका प्रदेश में बारिश पर कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है. इसलिए मौसम फिलहाल शुष्क ही बना हुआ है.
अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. यह सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री ज्यादा बना रह सकता है. इसके साथ ही प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है.
रायपुर में हल्की धुंध के आसार
राजधानी रायपुर के लिए स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 मार्च को हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 38°C और न्यूनतम तापमान लगभग 23°C के आसपास रहने का अनुमान है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.