Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले चार दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना जताई गई है. राजनांदगांव में 36°C के साथ सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.5°C रहा. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क है और अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. द्रोणिका प्रणाली सक्रिय होने के बावजूद फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं. रायपुर समेत पूरे प्रदेश में तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को दिन में परेशान कर सकती है.
चार दिनों तक चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग का साफ कहना है कि अगले चार दिनों तक दिन का तापमान लगातार बढ़ेगा. इसके बाद दो दिन तक तापमान लगभग स्थिर रहेगा. यानी गर्मी का असर फिलहाल कम होने वाला नहीं है. दोपहर के समय बाहर निकलना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए.
रातों में राहत, लेकिन दिन में तपिश
अच्छी बात ये है कि अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. यानी रातें अभी ज्यादा परेशान नहीं करेंगी. ठंडी हवा का हल्का एहसास बना रहेगा. लेकिन दिन में धूप की तपिश साफ महसूस होगी.
सबसे गर्म और सबसे ठंडा शहर
प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 36.0°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया. वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13.5°C रिकॉर्ड हुआ. पूरे प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है.
द्रोणिका प्रणाली सक्रिय, लेकिन असर नहीं
पूर्वोत्तर बांग्लादेश और मेघालय से लेकर गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक एक द्रोणिका प्रणाली सक्रिय है. यह समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बनी हुई है. हालांकि फिलहाल इसका प्रदेश के मौसम पर कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है.
रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
रायपुर में 3 मार्च को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम 22°C के आसपास रहने की संभावना है. यानी राजधानी में भी दिन में गर्मी साफ तौर पर महसूस होगी.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.