छत्तीसगढ़ में सर्द मौसम का असर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है. वहीं तापमान में भी धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा. विशेष रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं.
अगले दो दिनों तक सरगुजा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही बिलासपुर संभाग के जिलों में भी एक-दो स्थानों पर घने कोहरे का असर देखा जा सकता है, जिससे सुबह के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है.
तापमान में होगा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है. वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा लेकिन इसके बाद आगामी तीन दिनों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है.
अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ. इस दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है और कोई सक्रिय साइनो सिस्टम भी प्रभावी नहीं है.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है. अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना जताई गई है.
राजधानी रायपुर में 21 दिसंबर को कोहरा छाए रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.