बेंगलुरु में राष्ट्रीय कैंप
टीम इंडिया असेसमेंट कैंप का आयोजन 12 से 19 दिसंबर तक बेंगलुरु में किया जाएगा. यहां चयनित खिलाड़ियों का कौशल, फिटनेस और प्रदर्शन जांचा जाएगा. श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जूनियर इंडिया टीम की कोर टीम में शामिल किया जाएगा. खिलाड़ियों के लिए यह सुनहरा मौका है, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के दरवाजे खुल सकते हैं.
6 खिलाड़ी पहली बार लेंगे हिस्सा
खेल अधिकारी सुशील अमलेश ने लोकल 18 को बताया कि चयनित 10 खिलाड़ियों में 6 खिलाड़ी पहली बार टीम इंडिया के असेसमेंट कैंप में भाग लेंगे. इनमें बहतराई सेंटर से दामिनी खुसरो, मधु सिदार और अल्फाज शामिल हैं. वहीं गीता, ममतेश्वरी, अनीशा और आंचल साई के अलग-अलग सेंटरों में प्रशिक्षण ले रही हैं. खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या से प्रदेश में खेल सुविधाओं की गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
बहतराई एक्सीलेंस सेंटर में खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत हॉकी, एथलेटिक्स और आर्चरी का संचालन किया जाता है. हॉकी में पिछले तीन सालों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. गीता यादव और ममतेश्वरी लहरे ने विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का नाम रोशन किया है. वहीं एथलेटिक्स में भी सफलता जारी है. अमित कुमार साहू का चयन अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है और वह अगले साल अमेरिका की यात्रा करेंगे. वहीं आर्चरी में डेढ़ साल से हेड कोच नहीं होने के चलते खिलाड़ियों का प्रदर्शन कमजोर है, जिससे खिलाड़ियों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है.
चार साल की मेहनत का मिला इनाम
मधु सिदार, जो जशपुर जिले की रहने वाली हैं, स्ट्राइकर फॉरवर्ड के रूप में खेलती हैं. उन्होंने कहा, ‘मुझे हॉकी खेलते चार साल हो गए हैं. बहतराई सेंटर में हमें बेहतरीन ट्रेनिंग मिलती है. इंडिया टीम असेसमेंट कैंप में मेरा चयन होना मेरे लिए गर्व की बात है. परिवार भी बहुत खुश है. अब हमारी मेहनत और बढ़ गई है. मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में इंडिया टीम में खेलने का मौका मिलेगा.’
ट्रेनिंग के बाद मिला बड़ा अवसर
दामिनी खुसरो पिछले चार साल से बहतराई सेंटर में फिल्टर पोजिशन में खेल रही हैं. उन्होंने कहा, ‘हम 18 खिलाड़ियों की टीम नेशनल खेलने गई थी, जिसमें से तीन खिलाड़ियों का चयन असेसमेंट कैंप के लिए हुआ है. यह हमारे लिए गर्व का विषय है. मैं अपनी पोजिशन पर और मेहनत कर रही हूं. कोच हमें अच्छी ट्रेनिंग दे रहे हैं. मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में टीम इंडिया के लिए खेलने का अवसर मिलेगा.’
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.