Bilaspur hightech holi : होली से पहले बिलासपुर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है. इलेक्ट्रॉनिक गन, ड्रैगन गन और मैजिकल गिलास जैसे नए प्रोडक्ट्स लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. ₹3000 से ₹20000 तक की होली गन बाजार में उपलब्ध है. दूसरे जिलों से भी लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं और त्योहार को लेकर खास उत्साह है.
बाजार में नए प्रोडक्ट्स की भरमार
कंपनी गार्डन के पास होली सामग्री की दुकान चला रहे कैलाश गुप्ता बताते हैं कि इस साल बाजार में पहले से ज्यादा रौनक है. खासकर इलेक्ट्रॉनिक गन की मांग काफी बढ़ी है. इस बार ₹3000 से लेकर ₹20000 तक की होली गन उपलब्ध हैं. इसके अलावा म्यूजिकल गन और ड्रैगन गन भी बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है. साथ ही बाजार में कलर सैलेडर, गुलाल, सिल्क कलर और आकर्षक चश्मे भी बिक रहे हैं.
कैप्सूल कलर और मैजिकल गिलास बना आकर्षण का केंद्र
इस बार बाजार में एक नया और अनोखा प्रोडक्ट आया है—कैप्सूल कलर. पहले गुब्बारों में रंग भरते समय हाथ रंग से भर जाते थे, लेकिन अब कैप्सूल के जरिए बिना हाथ गंदे किए आसानी से रंगीन गुब्बारे तैयार किए जा सकते हैं. वहीं मैजिकल गिलास भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है. इसमें केवल पानी डालने पर हर बार अलग-अलग रंग निकलता है. इसमें अलग से रंग डालने की जरूरत नहीं पड़ती. यह खासकर बच्चों के लिए बेहद आकर्षक साबित हो रहा है.
दूसरे जिलों से भी पहुंच रहे खरीदार
शक्ति जिले से खरीदारी करने पहुंचे खेम साहू ने बताया कि वे हर साल होली की सामग्री खरीदने बिलासपुर आते हैं. इस बार वे अपने परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि बाजार में इस बार नए-नए और आकर्षक प्रोडक्ट उपलब्ध हैं. चश्मे, पिचकारी, गन, मुखौटे और रंगों की अच्छी वैरायटी देखने को मिल रही है. खेम साहू ने बताया कि वे इस बार ₹10000 से अधिक की खरीदारी करेंगे ताकि पूरे परिवार के साथ जमकर होली मना सकें.
बच्चों और युवाओं में खास उत्साह
होली के नए और तकनीकी प्रोडक्ट्स ने बच्चों और युवाओं में खास उत्साह भर दिया है. बाजारों की रौनक साफ बता रही है कि इस बार बिलासपुर में होली धूमधाम से मनाई जाएगी. रंग, संगीत और नए गैजेट्स के साथ त्योहार का उत्साह चरम पर है.
About the Author
7 वर्षों से पत्रकारिता में अग्रसर. इलाहबाद विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नालिस्म की पढ़ाई. अमर उजाला, दैनिक जागरण और सहारा समय संस्थान में बतौर रिपोर्टर, उपसंपादक औऱ ब्यूरो चीफ दायित्व का अनुभव. खेल, कला-साह…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.