कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा भगेड़ से आगे बागठेडू फुट ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ढांक और पत्थरों से टकरा गई। हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पंजाब के मोगा के वार्ड नंबर 25 निवासी अमनजोत सिंह (18) पुत्र बलदेव सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ मणिकर्ण साहिब माथा टेकने जा रहा था। 4 मार्च 2026 की रात को वे कीरतपुर से मनाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भगेड़ से आगे बागठेडू फुट ओवरब्रिज के पास उसका साथी गुरप्रताप सिंह अपनी मोटरसाइकिल चला रहा था। बताया कि बाइक तेज रफ्तार में थी और चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिससे मोटरसाइकिल सड़क किनारे ढांक और पत्थरों से टकरा गई।
हादसे में गुरप्रताप सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक पर पीछे बैठे साथी को कोई चोट नहीं लगी। दुर्घटना के बाद घायल गुरप्रताप सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन सिर पर चोट लगने के कारण उसकी रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि यातायात पुलिस थाना भगेड़ में अमनजोत सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.