मोतिहारी के भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र रक्सौल से सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। देश छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहे भारतीय सेना के एक भगोड़े जवान को इंडो-नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी जवान पाकिस्तान स्थित आतंकी और तस्कर नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसकी तलाशी में 500 ग्राम हेरोइन और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजवीर सिंह उर्फ फौजी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि वह पाकिस्तान के आतंकी हैंडलरों के संपर्क में था और नशा तस्करी के बदले भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान को उपलब्ध करा रहा था।
पंजाब से सहयोगी भी दबोचा गया
राजवीर की निशानदेही पर पंजाब पुलिस ने फाजिल्का जिले के कांशी राम कॉलोनी से उसके सहयोगी चिराग को भी गिरफ्तार किया है। चिराग के पास से एक 9 एमएम पिस्टल और 407 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक चिराग, राजवीर के लिए कुरियर का काम करता था।
ये भी पढ़ें- Bihar: मगध विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग में 5.25 लाख की फर्जी निकासी, थाने में एफआईआर दर्ज; जांच पड़ताल शुरू
जासूसी मामले में पहले से था आरोपी
राजवीर सिंह वर्ष 2011 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था। इसी साल फरवरी में अमृतसर के घरिंडा थाने में उसके खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत जासूसी का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद से वह सेना से फरार चल रहा था। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हरियाणा के सिरसा में महिला पुलिस थाने पर हुए ग्रेनेड हमले में भी राजवीर और उसके सहयोगी की भूमिका रही है। सुरक्षा एजेंसियां आरोपी को मोतिहारी से ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाने की तैयारी में जुटी हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.