समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाने के परसा गांव स्थित बघौनी गाछी में 11 अगस्त को कोचिंग जाने के दौरान छात्रा गुड़िया कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले का पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी निजी स्कूल शिक्षक कुमोद कुमार उर्फ रघु नहारे को असम के गुवाहाटी के ज्योतिनगर से गिरफ्तार किया है।
रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी बिहार शरीफ का निवासी है और घटना के बाद से फरार चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतका की बड़ी बहन से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन मृतका और उसकी मां इस रिश्ते का विरोध करती थीं। इसी नाराजगी में उसने छात्रा गुड़िया की हत्या कर दी।
पढे़ं: घर में अकेले थे दोनों…शाम पंखे से झूलते मिले नाबालिग प्रेमी-युगल; पुलिस गुत्थी सुलझाने में जुटी
डीएसपी ने बताया कि आरोपी बहेरी बाजार स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक था, जहाँ से मृतका की बड़ी बहन से उसके संबंधों की शुरुआत हुई। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, मृतिका का मोबाइल और फरार होने के दौरान खरीदा गया रेलवे टिकट भी बरामद किया गया है। मौके पर शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सहित पुलिस टीम मौजूद थी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.