मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज जनता दल यूनाईटेड की सदस्यता ग्रहण करेंगे। दोपहर एक बजे वीर चंद्र पटेल स्थित प्रदेश कार्यालय में बड़े समारोह का आयोजन किया गया है। जनता दल यूनाईटेड के कार्यकारी अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, मंत्री विजय चौधरी, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी समेत वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने निशांत जदयू की प्राथमिक सदस्यता लेंगे। समारोह की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। जदयू दफ्तर में सुबह से राज्य के सभी जिलों से वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पहुंचने लगे हैं। जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनका कहना है कि आज उन्हें उत्तराधिकारी मिल रहा है। आज का दिन बड़ा है।
निशांत ने पूरे बिहार का दौरा करने का फैसला किया
जदयू के वरिष्ठ नेता और एमएलसी नीरज कुमार ने बताया कि आज पार्टी के लिए बड़ा दिन है। निशांत कुमार कुछ ही देर में पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने पूरे बिहार का दौरा करने का फैसला किया है और वह जल्द ही संगठन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। निशांत कुमार की जदयू में एंट्री का सभी विधायकों, सांसदों और विधान परिषद् सदस्यों ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह निशांत का राजनीति में शामिल होना, मास्टर स्ट्रोर है। इससे कितने लोग परेशान हो जाएंगे? यह आने वाला समय बताएगा।
एक दिन पहले निशांत ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की थी
एक दिन पहले यानी शनिवार को निशांत कुमार ने जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आवास पर पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की थी। इसमें मंत्री श्रवण कुमार समेत पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हुए थे। निशांत ने कई बातों पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अपनी राय भी ली थी।