दरभंगा में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम को निगरानी की विशेष इकाई की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के उपरांत पटना अपने साथ ले गई। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में की गई है, जो निगरानी विभाग में दर्ज है।
दरभंगा और पटना स्थित आवासों पर छापामारी
गिरफ्तारी के साथ ही अभियंता बालेश्वर राम के लहेरियासराय स्थित आवास पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छापामारी की प्रक्रिया शुरू की गई। बताया गया कि यह आवास भाड़े का है, जिसका ताला तोड़ने के लिए विधिवत प्रक्रिया अपनाई जा रही है। निगरानी की टीम अभियंता को साथ लेकर पटना स्थित उनके आवास पर भी छापामारी के लिए रवाना हुई है।
बिरौल कार्यालय से गिरफ्तारी, आवास से संचालन का आरोप
गिरफ्तार अभियंता बालेश्वर राम वर्तमान में बिरौल में पदस्थापित हैं। जानकारी के अनुसार, वह विभागीय कार्यालय के अधिकांश कार्य अपने आवास से ही संचालित किया करते थे। निगरानी विभाग ने उनके खिलाफ आय से लगभग 90 लाख रुपये से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
आठ सदस्यीय टीम ने संभाली कार्रवाई
इस छापामारी अभियान का नेतृत्व डीएसपी विंध्याचल प्रसाद और शशिशेखर चौधरी कर रहे हैं। कुल आठ सदस्यीय निगरानी टीम दरभंगा, पटना और बेतिया में उनके ठिकानों की जांच में जुटी है। लहेरियासराय थाना की पुलिस सहित अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके।
निगरानी विभाग द्वारा की जा रही इस कार्रवाई के तहत दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.