वैशाली जिले के बिदूपुर प्रखंड में जेडीयू प्रखंड अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद मुकेश ने उनके परिवार को कोल्ड्रिंक्स में जहर मिलाकर मारने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में बिदूपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार घटना बिदूपुर थाना क्षेत्र की है। राजेश्वर प्रसाद मुकेश ने बताया कि होली के मौके पर बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वे अपनी पत्नी को मायके रहिमापुर छोड़ने के लिए मयाराम हाट तक गए थे। पत्नी को उतारने के बाद वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल ठीक कराने शीतलपुर कमालपुर स्थित मैकेनिक अमित कुमार के पास पहुंचे। मोटरसाइकिल ठीक कराने के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तभी नावानगर/अमर ब्रह्मस्थान के पास उन्हें वैधनाथ राय और संतोष उर्फ जितेंद्र कुमार मिले।
मित्र ने कोल्ड्रिंक्स का रंग असामान्य बताया
कुछ देर बातचीत के बाद वे अपने घर पहुंचे। उस समय उनके घर पर कुछ मित्र भी आए हुए थे। मित्रों को कोल्ड्रिंक्स पिलाने के लिए उन्होंने फ्रिज से बोतल और ग्लास निकाले। जैसे ही उन्होंने बोतल का ढक्कन खोलकर कोल्ड्रिंक्स ग्लास में डालना शुरू किया, तभी एक मित्र की नजर बोतल पर पड़ी। मित्र ने कोल्ड्रिंक्स का रंग असामान्य बताया। इसके बाद सभी ने बोतल को सूंघकर देखा, जिससे उसमें किसी जहरीले पदार्थ के मिले होने का संदेह हुआ। इस घटना से सभी लोग हैरान रह गए।
थानाध्यक्ष को दी जानकारी
इसके बाद मुकेश ने तुरंत अपनी पत्नी को फोन कर घर वापस बुलाया, जो रहिमापुर से लौट आईं। उन्होंने अपनी भाभी, भतीजे और अनिल नामक व्यक्ति को भी बुलाकर घटना की जानकारी दी। मुकेश ने बताया कि उन्होंने दोपहर 3:32 बजे बिदूपुर थाना के सरकारी नंबर पर घटना की सूचना दी, लेकिन थानाध्यक्ष उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद उन्होंने 3:36 बजे थानाध्यक्ष रवि प्रकाश के निजी नंबर पर फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया। थानाध्यक्ष ने मामले की जांच का आश्वासन दिया।
हालांकि मुकेश के अनुसार शाम करीब 7:35 बजे तक थाने से कोई पुलिसकर्मी उनके घर नहीं पहुंचा था। उन्होंने बताया कि सूचना देने के बाद वे कुछ समय के लिए घर से बाहर भी निकल गए थे।
इस संबंध में बिदूपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि उनके घर के फ्रिज में रखी कोल्ड्रिंक्स में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कुछ मिला दिया गया है। फिलहाल लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.