वैशाली जिले के लालगंज–सराय मार्ग पर करताहा थाना क्षेत्र अंतर्गत टारा चौक पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक को गोली मारकर घायल कर दिया और लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
बताया जाता है कि युवक लूट का विरोध कर रहा था, इसी दौरान बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार दी। गोली लगने से वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसका मोबाइल, कैमरा, स्कूटी और नगद रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की पहचान राजापाकर थाना क्षेत्र के पचई मुबारक गांव निवासी मिथिलेश सिंह के 26 वर्षीय पुत्र शिव बालक कुमार के रूप में हुई है। युवक के बाएं पैर में गोली लगी है।
पढे़ं: होली की छुट्टी में घर आया था छात्र, दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया; गोली लगने से हो गई मौत
जानकारी के अनुसार शिव बालक कुमार अपने एक सहयोगी के साथ शादी समारोह में वीडियोग्राफी करने के लिए स्कूटी से लालगंज जा रहे थे। इसी दौरान एक पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा कर कैमरा और मोबाइल लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी और स्कूटी, कैमरा व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल और करताहा थाना प्रभारी सूरज कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर बदमाशों के भागने की दिशा में छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि राजापाकर थाना क्षेत्र के शिव बालक कुमार अपने सहयोगी के साथ स्कूटी से लालगंज में वीडियोग्राफी करने जा रहे थे। पुलिया के पास रॉन्ग साइड से आए पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी और स्कूटी व कैमरा छीनकर फरार हो गए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.