आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट किया है। लिखा- मायके में बेटी को रहने का हक मिले। वहीं, दरभंगा में ऑपरेशन के बाद महिलाओं को फर्श पर लेटा दिया गया। बिहार के फर्जी IAS को गोरखपुर में गिरफ्तार किया गया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
टॉप 15 खबरें…
1. हर बेटी का मायके पर हक: रोहिणी आचार्य
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लड़कियों के मायके में हक की बात की है। उन्होंने X पर लिखा- ‘बिहार में गहरी जड़ें जमा चुकी पितृसत्तात्मक मानसिकता सामाजिक और राजनीतिक, दोनों क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन की आवश्यकता पैदा करती है। हर बेटी को इस आश्वासन के साथ बड़े होने का अधिकार है कि उसका मायका एक ऐसा सुरक्षित स्थान है ,जहां वह बिना किसी डर, अपराधबोध, शर्म या किसी को कोई स्पष्टीकरण दिए बिना लौट सकती है। इस उपाय को लागू करना केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं है, बल्कि अनगिनत महिलाओं को भविष्य में होने वाले शोषण और उत्पीड़न से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।’ पूरी खबर पढ़ें
2. ठंड में महिलाओं का ऑपरेशन कर फर्श पर सुलाया
दरभंगा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बुधवार को फैमिली प्लानिंग ऑपरेशन के बाद 22 महिलाओं को अस्पताल में फर्श पर ही लिटा दिया गया। बुधवार रात दरभंगा का तापमान 10 डिग्री से नीचे था। ऑपरेशन के बाद न बेड मिला, न कंबल। अस्पताल की तरफ से मरीजों के लिए कड़ाके की ठंड में खुले बरामदे में फर्श पर सिर्फ गद्दे की व्यवस्था थी। मामला सदर पीएचसी का है। परिजन बताते हैं कि ऑपरेशन के बाद महिलाओं को विशेष देखभाल, साफ वार्ड, गर्माहट और मच्छरदानी जैसी अनिवार्य सुविधाओं की जरूरत होती है। लेकिन अस्पताल में न तो वार्ड उपलब्ध था और न जरूरी इंतजाम। पूरी खबर पढ़ें
3. 5 करोड़ रिश्वत लेने वाला फर्जी IAS गिरफ्तार
बिहार के रहने वाले फर्जी IAS को यूपी के गोरखपुर में पुलिस ने अरेस्ट किया है। इसका नाम गौरव कुमार सिंह उर्फ ललित किशोर है। वो सिर्फ IAS प्रोटोकॉल मेनटेन करके लिए हर महीने 5 लाख रुपए खर्च कर रहा था। 10-15 लोगों की टीम उसके आगे-पीछे चलती थी। सफेद इनोवा पर लाल-नीली बत्तियां लगाकर वह गांवों का दौरा करता था। बिहार के भागलपुर गांव में दौरा करते हुए असली SDM मिल गए। बैच और रैंक को लेकर उन्होंने सवाल पूछे, तो गौरव ने उन्हें 2 थप्पड़ मारे थे। हैरान रह गए SDM ने इसकी कहीं शिकायत तक नहीं की। पूरी खबर पढ़ें
4. रंगदारी नहीं देने पर कपड़ा कारोबारी की सरेआम हत्या
बेगूसराय में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने कपड़ा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मोहम्मद शहजाद (25) के रूप में हुई है। शहजाद की छह महीना पहले शादी हुई है। परिजनों का कहना है कि जब तक अपराधियों का एनकाउंटर नहीं होगा, डेड बॉडी नहीं उठाने देंगे। अगर पुलिस से नहीं होगा तो वो चूड़ी पहन ले। अपराधी इसी गांव का रहने वाला है। पंकज कुमार के साथ उसके 2 और साथी विजय पासवान और कन्हैया सहनी ने वारदात को अंजाम दिया है। मेरे भाई से रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं देने पर हत्या की गई है। घटना वीरपुर थाना क्षेत्र के बहरबन्नी गांव के समीप की है। पूरी खबर पढ़ें
5. हॉस्पिटल से 10 मिनट में बच्चे का चोरी
बिहटा के ESIC अस्पताल से एक पांच साल की बच्ची चोरी हो गई। घटना बुधवार सुबह की है, बच्ची की मां अस्पताल में भर्ती है। वो मां-पिता के साथ आई थी। उसके पिता बच्ची को मां के बेड के पास छोड़कर 10 मिनट के लिए टेस्ट के लिए बाहर गए थे, लौटे तो बेटी गायब थी। काफी खोजबीन की, नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अस्पताल के वार्ड से लेकर मेन गेट तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो मासूम एक युवक के साथ जाती दिखी। सीसीटीवी में दिख रहे युवक ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था। पूरी खबर पढ़ें

6. राहुल-तेजस्वी की यात्रा में घूमता रहा पेपर लीक माफिया
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को पटना से परीक्षा माफिया संजय प्रभात को गिरफ्तार किया। वह बिहार पुलिस चालक परीक्षा में धांधली करने में जुटा था। हैरानी की बात ये है कि बिहार के सबसे बड़े परीक्षा माफिया संजीव मुखिया ने महीनों पहले इसकी सुराग दी थी। 21 महीने से बिहार पुलिस समेत 6 राज्यों की पुलिस इसे तलाश रही थी। इस बीच वह पटना से मात्र 110 किलोमीटर दूर बरबीघा से चुनाव लड़ रहा था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की यात्रा में शामिल हो रहा था। पूरी खबर पढ़ें
7. रंगदारी मांगने वाले अपराधी का एनकाउंटर, पैर में गोली मारी
बिहार में 34 दिन के अंदर पुलिस ने चौथा एनकाउंटर किया है। पटना पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोपी को दौड़ा कर गोली मारी है। गोली पैर में लगी है। जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। मुठभेड़ में घायल अपराधी ने केनरा बैंक में काम करने वाले अनिरुद्ध कुमार सिंह से कॉल पर 10 लाख की रंगदारी मांगी थी। 30 नवंबर 2025 को रंगदारी मांगी गई थी। पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि अपराधी ने बैंक कर्मी से रंगदारी मांगी। वो डराने की नीयत से फायरिंग करने पहुंचा था। पूरी खबर पढ़ें
8. प्रेमी ने शादी तुड़वाई, अब साथ रखने को तैयार नहीं
‘8.5 महीने की प्रेग्नेंट हूं, कभी भी डिलिवरी हो सकती है, लेकिन मुझे मजबूरी में थाना-पुलिस का चक्कर लगाना पड़ रहा है। पहले पति ने मुझे छोड़ दिया, दूसरे पति ने भी मुझे छोड़ दिया है। दूसरे पति ने मुझे हरियाणा में छोड़कर चुपके से बिहार अपने गांव आ गया और फिर दूसरी शादी की। मैं किसी तरह दूसरे पति के घर पहुंची तो पति और उसके माता-पिता ने मुझे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया।’ ये कहानी 21 साल की उर्मिला (काल्पनिक नाम) की है, जो हरियाणा से 1200 किलोमीटर दूर बिहार में अपने प्रेमी की तलाश में आ गई। उर्मिला कहती हैं कि हम मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी की रहने वाली है। पूरी खबर पढ़ें
9. अवैध संबंध में अधेड़ की हत्या, प्राइवेट पार्ट काटा
छपरा में 55 साल के शख्स की निर्मम हत्या की गई। प्राइवेट पार्ट को चाकू से चीरने के साथ काटा गया। तेजाब डालकर दोनों आंखें निकाली गईं। फिर चाकू गोद-गोद कर मारा गया है। मृतक की पहचान सूरज यादव (55) के रूप में हुई है। बुधवार की सुबह सूरज यादव का शव उनके कमरे में खून से लथपथ मिला है। वो अकेले रहते थे। करीब 10 साल पत्नी-बच्चे शहर वाले घर पर रहते हैं। घटना मांझी थाना क्षेत्र के सूरज यादव गांव के मांझी दक्षिण टोला में घटी है। ASP कुमार आशिष के अनुसार, सूरज का गांव की एक महिला से अवैध संबंध चल रहा था। इसी वजह से उसकी हत्या हुई है। हालांकि, अभी तक हत्यारे का नाम सामने नहीं आया है। पूरी खबर पढ़ें

10. युवक की ईंट से कुचलकर हत्या, गड्ढे में मिला शव
फुलवारी शरीफ में एक युवक की ईंट-पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने गुरुवार को टमटम पड़ाव स्थित दरगाह के पास पानी से भरे एक गड्ढे से उसका शव बरामद किया। युवक पिछले 24 घंटे से लापता था। हत्या के बाद शव को दरगाह के नजदीक पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया था। घटनास्थल से पुलिस को एक जोड़ी चप्पल भी मिली है। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची। खोजी कुत्ते ने बरामद चप्पल को सूंघते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक का रास्ता तय किया। हालांकि, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से क्या बरामद हुआ, इस बारे में पुलिस ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है। पूरी खबर पढ़ें
11. STET अभ्यर्थियों का बोर्ड ऑफिस के बाहर प्रदर्शन
पटना में STET अभ्यर्थियों ने आज बिहार बोर्ड ऑफिस का घेराव किया है। 20-25 कैंडिडेट्स बोर्ड ऑफिस गेट के बाहर नारे लगा रहे हैं। उनका कहना है कि रिवाइज्ड आंसर की तत्काल जारी हो और नोटिफिकेशन की तुरंत घोषणा की जाए। गेट के बाहर सभी कैंडिडेट्स हमारी मांगें पूरी करो के नारे लगा रहे हैं। कैंडिडेट्स नारे लगा रहे कि छात्रों को गुमराह करना बंद करो। हमारी मांगें पूरी करो, STET होश में आओ। मौके पर मौजूद कॉमर्स छात्रा ज्योति ने कहा कि कोई नोटिफिकेशन नहीं आ रहा। बस डेट बढ़ाई जा रहा है। कह रहे कि 2 दिन में होगा, लेकिन आ नहीं रहा। हम ग्रेस मार्क्स की डिमांड कर रहे। 21 क्वेश्चन आउट ऑफ सेलेबस आए हैं। पूरी खबर पढ़ें
12. 10 वर्षीय छात्र की पत्थर से कुचलकर हत्या
जमुई के चरका पत्थर थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर 10 वर्षीय छात्र की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। बच्चे का शव गुरुवार सुबह रजौन घाघा जंगल से बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में पड़ोसी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान रजौन गांव निवासी दिनेश दास के बेटे पवन कुमार के रूप में हुई है। परिजन ने बताया कि पवन बुधवार की सुबह से लापता था। हमने चरका पत्थर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने उस समय मामला दर्ज नहीं किया। पूरी खबर पढ़ें
13. नशीला पदार्थ सुंघाकर छात्रा से गैंगरेप
सीतामढ़ी के बेलसंड थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े एक छात्रा से गैंगरेप की वारदात सामने आई है। छात्रा परीक्षा देकर घर लौट रही थी, तभी तीन बदमाशों ने उसे अगवा कर इस घटना को अंजाम दिया। गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना कोठी बाजार के समीप हुई। बताया जा रहा है कि स्कूल से परीक्षा देकर लौटते समय बदमाशों ने छात्रा को एक ऑटो में नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर लिया। इसके बाद उसे झाड़ियों में ले जाकर गैंगरेप किया गया। पूरी खबर पढ़ें
अब वो खबर जो हटकर है
14. पवन सिंह के गाने पर थिरके रामकृपाल यादव
बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव का एक वीडियो सामने आया है। वह कार्यकर्ता सम्मान समारोह में अपने समर्थकों को धन्यवाद देते हुए पवन सिंह के गानों पर जमकर थिरकते हुए दिखाई दे रहे हैं। रामकृपाल यादव हाथ में तौलिया लहराते हुए नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह आयोजन दानापुर में कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और आभार जताने के लिए किया गया था। जिस गाने पर रामकृपाल यादव थिरकते हुए दिखाई दिए, वो पवन सिंह द्वारा गाया हुआ गाना था। चुनाव के दौरान पवन सिंह ने ‘जोड़ी मोदी और नीतीश जी के हिट होई’ गाया था। पूरी खबर पढ़ें

जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
15. तापमान में आएगी गिरावट, सुबह में छाया रहेगा घना कोहरा
बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा। न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। वहीं, सुबह के समय घना कोहरा और दोपहर में धूप निकलेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.