इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में लगभग 545.89 करोड़ रुपये की 68 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें करीब 330.60 करोड़ रुपये की 6 योजनाओं का शिलान्यास तथा 157.16 करोड़ रुपये की 60 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, सरकारी भवनों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति और अन्य आधारभूत ढांचा से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं।
‘हमने कानून का राज स्थापित किया’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को जब उनकी सरकार बनी थी, तब राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी खराब थी और अपराध का माहौल था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कानून का राज स्थापित किया और राज्य को विकास की राह पर आगे बढ़ाया। उन्होंने दावा किया कि आज बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है।
महिलाओं के लिए किए गए कामों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जीविका समूहों को मजबूत किया है, जिससे लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं। साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जा रही हैं और विकास योजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: पंचायत सचिव के घर से 15 लाख की संपति उड़ा ले गए चोर, सभी को कमरे में बंद कर घटना को दिया अंजाम
स्टॉलों का किया निरीक्षण
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी भी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, मंत्री लेशी सिंह पूर्व मंत्री नीरज कुमार बब्लू, भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष पटेल, नरपतगंज के विधायक दिव्यांशी यादव, जदयू नेता शगुफ्ता अजीम सहित कई जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.