मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड के गरहां थाना क्षेत्र में हुई एल्युमिनियम चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 14 लाख रुपए नगद और अन्य सामान बरामद किया गया है। गरहां थाना प्रभारी अभिषेक कुमार वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इसकी जानकारी सिटी एसपी मोहिबुललाह अंसारी, एसडीपीओ विनिता सिन्हा और थाना प्रभारी अभिषेक कुमार वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के कांटी गांव, वार्ड 16 निवासी संजीत कुमार (कपालेश्वर साह के पुत्र) और बोचहाँ थाना क्षेत्र के आदिगोपालपुर गांव निवासी हर्ष कुमार उर्फ गोलू कुमार (गरीबनाथ साह के पुत्र) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। संजीत के घर से पुलिस ने 14 लाख रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के 8 चेक बुक, एक मोबाइल और एक बिलिंग बुक जब्त की है। घटना का खुलासा होने के बाद, वरीय पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्रा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह मामला 9 फरवरी 2026 का है, जब पलाई फैक्ट्री के संचालक संतोष कुमार (अहियापुर थाना क्षेत्र के चकमोहब्बत गांव निवासी) ने गरहाँ थाना क्षेत्र के सिंघौल स्थित अपनी फैक्ट्री से चोरी की एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनकी फैक्ट्री से 51 एल्युमिनियम प्लेट चोरी हो गए थे। चोरी की यह घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थी, जिसे संतोष कुमार ने पुलिस को उपलब्ध कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.