शिवपुरी जिले के पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा को सामुदायिक पुलिसिंग और आमजन से मजबूत जुड़ाव के लिए भोपाल में सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम “संबल-2026” में मध्य प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने प्रदान किया। यह दो दिवसीय कार्यक्रम भोपाल में 10 और 11 मार्च को आयोजित हुआ था। इसकी थीम “सेलिब्रेटिंग सोशल वर्क इन क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम” थी। कार्यक्रम में देशभर से सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, न्यायपालिका के प्रतिनिधि और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा, दिव्यांगजन सुरक्षा, कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण तथा पुलिस और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। एसडीओपी प्रशांत शर्मा को उनके क्षेत्र में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने, ग्राम एवं नगर रक्षा समितियों को सक्रिय करने और आम लोगों से बेहतर संवाद स्थापित करने के प्रयासों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उप पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर ने इस अवसर पर कहा कि एसडीओपी प्रशांत शर्मा अपनी नियमित ड्यूटी के अतिरिक्त लगातार लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनते हैं। उनका क्षेत्र में मजबूत सोशल कनेक्ट पुलिस और जनता के बीच संबंधों को सुदृढ़ करता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि शिवपुरी जिले के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन और पूरी टीम के सहयोग का परिणाम है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.