मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार की सुरक्षा में सेंध
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री उमा भारती के परिवार में सुरक्षा को लेकर सनसनी फैल गई है. टीकमगढ़ में उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी को सोशल मीडिया पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मामला यहीं नहीं रुका, फेसबुक पर धमकी भरे कमेंट के कुछ ही घंटों बाद दो नकाबपोश युवक उनके बंगले पर भी धमकाने पहुंच गए. शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी है. साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले फेसबुक अकाउंट की भी जांच की जा रही है.
गुना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख कीमत के 213 मोबाइल बरामद
गुना में साइबर और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 213 गुम/चोरी हुए मोबाइल बरामद किए गए. बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई. पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने मोबाइल धारकों को सौंपे. लंबे समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के बाद बड़ी सफलता मिली. साइबर सेल लगातार तकनीकी माध्यम से ट्रैकिंग कर रही थी. पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं.
सिवनी के पीएमश्री स्कूलों में गंभीर वित्तीय गड़बड़ी
सिवनी के पीएमश्री स्कूलों में गंभीर वित्तीय गड़बड़ी और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. जांच में खुलासा हुआ है कि बच्चों की अध्ययन सामग्री, खेल सामग्री, भ्रमण और भोजन व्यवस्था के नाम पर फर्जी बिल और वाउचर लगाकर लाखों रुपये की राशि निकाली गई. बरघाट के शासकीय पीएमश्री बूढ़ेना स्कूल में 200 बच्चों के भोजन के लिए 400 थाली का कच्चा बिल लगाकर करीब 80 हजार रुपये निकाले जाने का आरोप है. वहीं पीएमश्री कन्या शाला बरघाट में 4000 रुपये कीमत के साउंड बॉक्स को 44 हजार रुपये दिखाकर भुगतान किया गया. इसके अलावा शासकीय पीएमश्री खैरा पलारी स्कूल में भी लाखों रुपये के गोलमाल की शिकायत सामने आई है. शिकायतों की जांच के बाद तीनों स्कूलों की फाइल कार्रवाई के लिए डीपीआई भोपाल भेज दी गई है. जिला शिक्षा अधिकारी ने पुष्टि की है कि मामले में विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही दोषियों पर कड़ा एक्शन लिया जा सकता है.
किसान महाचौपाल के लिए भोपाल पहुंचे मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भोपाल पहुंच चुके हैं. वे कुछ देर में सभा स्थल पहुंचेंगे. कांग्रेस कार्यकर्ता रास्ते भर स्वागत करेंगे. किसान महाचौपाल में बड़ी संख्या में किसान पहुंचेंगे. अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस ने किसान महाचौपाल का आयोजन किया है.
रतलाम में कुत्तों की नसबंदी घोटाला मामला
रतलाम में कुत्तों की नसबंदी में हुए घोटाला मामले ने तूल पकड़ लिया है. रिजेक्टेड सेंटर में ही 33000 कुत्तों की नसबंदी कर दी. एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया की टीम ने पहले ही सेंटर को रिजेक्ट कर दिया था. ट्रंचिंग ग्राउंड के पास एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर बनाया गया था. 33630 कुत्तों की नसबंदी पर 2 करोड़ 30 लाख रुपये का भुगतान का किया गया. उज्जैन लोकायुक्त से जांच अब भोपाल पहुंची. नगर निगम के तात्कालिक जिम्मेदारों पर जल्द बड़ा एक्शन होगा.
राहुल गांधी का मध्य प्रदेश में स्वागत है: सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भोपाल में मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी का मध्य प्रदेश में स्वागत है. किसान चौपाल लगाई जा रही है, अच्छी बात है. रबी और खरीफ की फसल क्या होती है, यह भी जान लें राहुल तो अच्छा है. मध्य प्रदेश के दूध उत्पादन के लिए भी राहुल गांधी कहें. राहुल गांधी आज आ रहे हैं, हम 365 दिन किसानों के लिए काम कर रहे हैं. AI समिट विवाद पर राहुल गांधी माफी मांगें. राहुल को अपने कार्यकर्ताओं को डांट लगानी चाहिए. कपड़े खोलकर प्रदर्शन के लिए डांट लगानी चाहिए. क्षमा मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि 1956 के बाद मध्य प्रदेश में कुछ नहीं किया. 2003 तक साढ़े सात लाख हेक्टेयर सिंचाई रकवा क्यों रहा. कांग्रेस ने किसानों के साथ अन्याय किया. 55 साल में सिंचाई में कुछ नहीं किया. उससे अधिक तो हमने डेढ़ साल में कर दिया है. ये किसानों के लिए आदर्श जगह है. देश भी आदर्श है.
किसानों की आमदनी बढ़ाई जा रही है: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री सदन में मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाई जा रही है. सोयाबीन के बाद भावांतर योजना में सरसों को शामिल किया गया है. सरसों को भावांतर योजना के तहत खरीदा जाएगा. पांच योजनाओं को निरंतरता दी गई. किसानों की बेहतरी के लिए निर्णय लिया गया. पांच सालों के लिए 10520 करोड़ रुपये की योजना की निरंतरता के लिए मंजूरी दी गई है. तिलहन फसलों के लिए सरकार काम कर रही है. तिलहन फसल में भावांतर योजना लागू करने में एमपी देश में पहला राज्य बन गया है. सवा करोड़ से अधिक किसानों को इसका लाभ मिलेगा.
मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, बोला- ठेकेदार ने हड़प ली मजदूरी
सिंगरौली जिले में लोगों के टावर पर चढ़ने का सिलसिला थम नहीं रहा है. बरगवां के खरकटा गांव में आज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. युवक का आरोप है कि जयंत क्षेत्र में काम करने के बाद ठेकेदार ने उसकी मजदूरी हड़प ली है. “पैसे नहीं तो नीचे नहीं” की मांग पर अड़े युवक को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई है. लगातार दूसरे दिन हुई इस घटना ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है. मौके पर पुलिस बल तैनात है और युवक को सुरक्षित उतारने के लिए समझाइश का दौर जारी है.
रायपुर: रमजान में मुस्लिमों को एक घंटे पहले छुट्टी की खबर गलत
छत्तीसगढ़ सरकार ने रमजान के दौरान मुस्लिमों को एक घंटे पहले छुट्टी मिलने की अटकलों पर विराम लगाया है. अल्पसंख्यक विभाग ने साफ किया कि मीडिया और सोशल मीडिया में प्रसारित खबरें आधारहीन हैं. विभाग ने कहा कि ऐसी कोई छुट्टी देने या समय बदलने का फैसला नहीं लिया गया है.
बिलासपुर: शराब घोटाला मामले में आज फिर सुनवाई
बिलासपुर में बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आज सौम्या चौरसिया की दो जमानत याचिकाओं पर सुनवाई होगी. सुनवाई दोपहर 2:15 बजे शुरू होगी. इस मामले की सिंगल बेंच में कल ईडी ने अपनी बहस पूरी की थी. आज एसीबी/ईओडब्ल्यू की ओर से बहस होगी, जबकि सौम्या चौरसिया की तरफ से पहले ही बहस पूरी हो चुकी है.
रायपुर: सीजीएमएसी घोटाला में अनवर ढेबर गिरफ्तार
रायपुर में सीजीएमएसी घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. अनवर ढेबर को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उन्होंने मैनपावर और प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से 2019-20 से 2023-24 के बीच ओवरटाइम और अधिसमय भत्तों में गड़बड़ी कर लगभग 100 करोड़ रुपये का भुगतान करवाया. जांच में यह भी पुष्टि हुई कि इस घोटाले में मिली कमिशन राशि अनवर ढेबर तक गई. पहले ही 29 नवम्बर 2023 को ईडी ने 28 लाख रुपये की राशि जब्त कर ली थी और कार्रवाई की सूचना राज्य शासन को दी थी. अब अनवर ढेबर को पुलिस रिमांड में लेकर एसीबी पूछताछ करेगी, ताकि घोटाले में शामिल अन्य व्यक्तियों और पैसों के लेन-देन का पता लगाया जा सके.
रायपुर: पूर्व CM दिग्विजय सिंह का छत्तीसगढ़ दौरा
पूर्व मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 25 फरवरी को दोपहर 2:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे. रायपुर में वे स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे. 26 फरवरी को दिग्विजय सिंह रायपुर से डोंगरगढ़ रवाना होंगे. डोंगरगढ़ में वे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे और प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर के दर्शन करेंगे. इसके बाद दोपहर 1 बजे डोंगरगढ़ से बालाघाट के लिए रवाना होंगे.
ग्वालियर: अदनान सामी ने कोर्ट में जवाब पेश किया
ग्वालियर में प्रसिद्ध गायक अदनान सामी ने जिला अदालत में एक परिवार द्वारा दर्ज शिकायत पर अपना जवाब पेश किया. शिकायत ग्वालियर की फर्म ने दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप था कि अदनान सामी ने एडवांस लेने के बावजूद 2022 में निर्धारित कार्यक्रम में नहीं आए. फर्म ने 2022 में कार्यक्रम के लिए 17 लाख रुपए एडवांस के तौर पर लिए थे. अदनान सामी की ओर से कोर्ट में बताया गया कि फर्म ने प्रारंभ में कार्यक्रम सितंबर 2022 में तय किया था, जिसे बाद में नवंबर में शिफ्ट किया गया. इसके बाद एक दिन पहले फर्म ने कार्यक्रम रद्द कर दिया. अदनान सामी ने कहा कि वे कार्यक्रम के लिए तैयार थे, लेकिन फर्म ने इसे आयोजित नहीं कराया. उनका यह भी कहना था कि फर्म नियम-विरोधी तरीके से एडवांस की रकम वापस मांग रही है. जिला अदालत ने अदनान सामी का जवाब रिकॉर्ड पर ले लिया है और मामले की सुनवाई आगे जारी रहेगी.
भोपाल: विधानसभा में बजट सत्र का सातवां दिन
भोपाल में विधानसभा का बजट सत्र आज सातवें दिन पहुंच गया. इस दिन विभागवार बजट पर चर्चा होगी.
मुख्य चर्चा के विषयों में शामिल हैं-
नगरीय विकास, जनजातीय कार्य, स्कूल शिक्षा, परिवहन और उच्च शिक्षा के बजट प्रस्ताव.
बजट की अनुदान मांगों पर विचार.
ध्यानाकर्षण में जमीन बंदोबस्त और नहर सीमेंटीकरण के मुद्दे.
किसानों को सिंचाई के लिए पानी न मिलने की समस्याएं.
भोपाल गैस त्रासदी, राहत और पुनर्वास के कार्य, साथ ही लोक परिसंपत्ति विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा.
भोपाल के 15 इलाकों में आज बिजली कटौती
भोपाल के 15 इलाकों में आज मेंटेनेंस कार्य के कारण 2 से 4 घंटे तक बिजली कटौती रहेगी.
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बैरागढ़, चीचली, मीनाखेड़ी, सतगढ़ी, अमराई, गेहूंखेड़ा में बिजली बाधित रहेगी.
सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक दीपड़ी क्षेत्र प्रभावित रहेगा.
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया, एमएलए रेस्ट हाउस, मालवीय नगर, एमएलए क्वार्टर, जवाहर चौक, टीटी नगर, गंगौत्री भवन, प्रियदर्शनी में बिजली आपूर्ति ठप रहेगी.
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से धैर्य रखने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में आज कैबिनेट बैठक
सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में आज सुबह 10 बजे मध्य प्रदेश विधानसभा में कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित होगी. बैठक में राज्य के कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा और मंजूरी प्रदान की जाएगी.
इंदौर: बर्थडे पार्टी का खाना खाने से 6 लोग अस्पताल में भर्ती
इंदौर के भागीरथपुरा में एक बर्थडे पार्टी के खाने से कई लोग बीमार हो गए. पार्टी में लगभग 60 लोग शामिल थे. दाल-बाटी खाने के बाद देर रात कुछ लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके कारण छह लोगों को एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया. मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधव हासानी के मुताबिक, सभी मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उनकी हालत सामान्य है. घटना की जानकारी मिलने के बाद **खाद्य विभाग** की टीम मौके पर पहुंची और खाने के सैंपल लिए. जांच में यह पुष्टि हुई कि बीमारी का कारण नर्मदा का पानी नहीं, बल्कि पार्टी का खाना था.
मुख्यमंत्री मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
मोहन यादव आज भोपाल और उज्जैन में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह 10 बजे वे मध्य प्रदेश विधानसभा में आयोजित कैबिनेट बैठक में भाग लेंगे. इसके बाद सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही में शामिल होंगे. दोपहर 1:40 बजे भोपाल स्टेट हैंगर से प्रस्थान कर 2:45 बजे उज्जैन हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे. शाम 4:35 बजे वे कार्तिक मेला ग्राउंड पहुंचकर “ग्रामीण डाक सम्मेलन” में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद शाम 5:15 से 6:05 बजे तक उज्जैन से भोपाल वापसी करेंगे. शाम 6:50 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचकर 7 बजे भोपाल-धनबाद/चोपन एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे. मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक, विकास और जनसंपर्क गतिविधियों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है.
ग्वालियर में बरेठा टोल पर फायरिंग, चिट्ठी फेंककर फरार हुए बदमाश
ग्वालियर में बरेठा टोल प्लाजा पर देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. बाइक से आए दो अज्ञात युवकों में से एक ने हेलमेट पहनकर टोल के बाहर तीन राउंड गोलियां चलाईं और इसके बाद एक चिट्ठी फेंककर मौके से फरार हो गया. टोल प्लाजा पर फेंकी गई चिट्ठी में ग्वालियर-भिंड हाईवे के निर्माण की मांग करते हुए लिखा गया कि “हाइवे बनाओ या टोल हटाओ. आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा. नेताओं को अपने फ्लैट बेचने पड़ें, लेकिन हाईवे का काम शुरू होना चाहिए. यदि काम शुरू नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा कदम उठाया जाएगा। सरकार अंधी हो चुकी है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. महाराजपुरा थाना पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. उधर, ग्वालियर-भिंड हाईवे के मुद्दे को लेकर 27 फरवरी को मेहगांव में महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्रीय लोग और सामाजिक संगठन शामिल होकर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.