भारी हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ,मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विश्वास सारंग के बीच हुई जमकर बहस हुई. इस दौरान सदन में अशोभनीय शब्दों का प्रयोग भी हुआ. इसी वजह से विधानसभा की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई है. कैलाश विजयवर्गीय को कांग्रेस ने शुरू से ही घेरने की कोशिश की और उनकी माफी को लेकर हंगामा शुरू हुआ.
नई आबकारी नीति को लेकर जगदीश देवड़ा का बड़ा बयान
नई आबकारी नीति पर उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि आदिवासियों की हेरिटेज मदिरा को प्रदेश में ड्यूटी फ्री करने का निर्णय लिया गया है. मां नर्मदा क्षेत्र के 05 किलोमीटर में शराब प्रतिबंधित रहेगी. इसके अलावा ई-टेंडर से ही सभी काम किए जाएंगे.
बीजेपी विधायक ने अपनी ही सरकार से पूछे सवाल
मध्य प्रदेश विधानसभा में बीजेपी विधायक ने अपनी सरकार पर निशाना साधा है. BJP विधायक अजय विश्नोई ने हा कि नर्मदा होने के बावजूद भी जबलपुर में जल संकट है. एशियन डेवलपमेंट बैंक के दवाब में अधिकारियों ने फाइलों में जल प्रदाय की योजना को पूरा दिखाया है. कर्मचारी तक रहते नहीं हैं. इसी वजह से जनता में भारी विरोध हो रहा है.
कैलाश विजयवर्गीय ने दिया जवाब
नगर विकास आवास विभाग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जानकारी दुरुस्त कीजिए, योजनाएं जारी हैं. पानी सप्लाई किया जा रहा है. बिजली बिल भी निकायों द्वारा नहीं चलाया गया था. इस पर सदन में दोनों के बीच बहस हुई. अजय विश्नोई ने कहा कि मंत्री जी को जानकारी कम है. पुरानी योजना और प्लानिंग पर काम नहीं हुआ. नई-नई की बात की जा रही है. विकास बाधित हुआ. लूट का नया रास्ता हो गया.
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि डबल सिस्टम से पानी लिया जा रहा है. नलकूप बंद कराएं. जनप्रतिनिधि ही बिजली बिल में अड़ंगा डालते हैं. नलकूप बंद करना हमारी नहीं सरकार की जिम्मेदारी है. मंत्री की तरफ से कहा गया है कि आप समझ क्यों नहीं रहे हैं. ठीक है. जल्द से जल्द आपकी बात का समाधान करेंगे.आप और अन्य जनप्रतिनिधि भी सहयोग करें.
कांग्रेस विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अगुवाई में प्रदर्शन किया. विधायक हाथों में थाली लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे. उन्होंने गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया. विपक्षी नेताओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को खयाली पुलाव बताया. कहा कि इस बजट में कोई भी नई योजना शुरू नहीं की गई और न ही जो योजनाएं संचालित की जा रही हैं, उसमें राशि बढ़ाई गई है. यह बजट केवल खयाली पुलाव है और झूठ का पुलिंदा है. प्रदेश में सरकार केवल घोषणाओं के सहारे चल रही है जबकि जमीन पर हकीकत बिल्कुल अलग है. बजट से हर वर्ग निराश है. स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है, कुपोषण आज भी जारी है, ओबीसी वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण पर केवल आश्वासन, किसानों की कर्ज माफी पर सन्नाटा और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. यह केवल प्रदर्शन नहीं बल्कि प्रदेश की जनता की आवाज है. उनके अधिकार, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है.
भागीरथपुरा पानी कांड पर सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों के मामले में भी राज्य सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि मौतों के आंकड़े कहीं ज्यादा हैं लेकिन सरकार आंकड़े छिपाना चाहती है. सवाल यह है कि क्या प्रदेश में लोग दूषित पानी पीते रहेंगे और सरकार टैक्स वसूलती रहेगी. सवाल यह भी है कि क्या लोग किडनी और पेट की बीमारियों से ग्रस्त होते रहेंगे. राज्य के हर नागरिक को अधिकार है कि शुद्ध पानी मिले. जो भी भागीरथपुरा का दोषी है, उसे सजा मिले, हम सरकार से ये मांग कर रहे हैं.
महिला कांग्रेस करेगी वित्त मंत्री के निवास का घेराव
बताते चलें कि महिला कांग्रेस आज दोपहर राज्य के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के निवास का घेराव करेगी. महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा. खाली थाली और गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया जाएगा. महिला सुरक्षा, महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. महिला कांग्रेस ने मंत्री जगदीश देवड़ा पर राज्य को निराशावादी बजट देने का आरोप लगाया. महिला कांग्रेस वित्त मंत्री से जवाब मांगेगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.