वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में योग में डिप्लोमा पाठ्यक्रम अब प्रारंभ किया जाएगा.इस संबंध में आयोजित एकेडमिक काउंसिल एवं सिंडिकेट की बैठक में प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पाठ्यक्रम आगामी शैक्षणिक सत्र से लागू किया जाएगा. योग डिप्लोमा कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव डॉक्टर कुंदन सिंह द्वारा बैठक में प्रस्तुत किया गया था.
डॉ. पूर्ति माहौर ने बताया कि वर्तमान समय में योग के प्रति युवाओं और अभिभावकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए इस कोर्स की आवश्यकता महसूस की गई. यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को योग के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों पक्षों में दक्ष बनाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि इस डिप्लोमा कोर्स में कुल 60 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा.यह पाठ्यक्रम सेल्फ फाइनेंस के तहत संचालित होगा.दाखिले के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण निर्धारित की गई है. इच्छुक अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन करना होगा.
सप्ताह में पांच दिन नियमित कक्षाएं संचालित होगी
डॉ. पूर्ति माहौर ने बताया कि सप्ताह में पांच दिन नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी.नामांकित विद्यार्थियों को प्रतिदिन डेढ़ घंटे का योग अभ्यास भी कराया जाएगा, ताकि वे व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित हो सकें. इस कोर्स के लिए शुल्क 2000 रुपये निर्धारित किया गया है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें भाग ले सकें.विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन के लिए भी अत्यंत उपयोगी है. इस डिप्लोमा कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त हो सकते हैं, जैसे योग प्रशिक्षक, वेलनेस कोच या फिटनेस सेंटर में विशेषज्ञ के रूप में कार्य करना. एकेडमिक काउंसिल और सिंडिकेट के सदस्यों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की मांग बताया.
चार जिलों के छात्र-छात्राओं के लिए लाभकारीः कुलपति
कुलपति डॉक्टर शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि योग डिप्लोमा कोर्स विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. शाहाबाद क्षेत्र में योग शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगा.सेल्फ फाइनेंस के तहत यह पाठ्यक्रम संचालित होगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.