Bhojpur Teacher Kidnapping Case: भोजपुर के शिक्षक कमलेश राय अपहरण कांड में सीबीआई ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए महिला दरोगा अंजलि कुमारी को गिरफ्तार किया है. ढाई साल से लापता शिक्षक और दरोगा के बीच अफेयर की बात सामने आई है, जिसमें एक ‘तीसरे शख्स’ की एंट्री ने खूनी खेल की आशंका बढ़ा दी है. जानिए खाकी और प्यार की इस उलझी हुई दास्तां का पूरा सच.
आरा निवासी कमलेश राय और अंजली कुमारी कभी एक साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे. दोनों का सपना पुलिस में भर्ती होने का था. किस्मत ने अंजली का साथ दिया और वह बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बन गई. जबकि कमलेश महज एक नंबर से चूक गया और शिक्षक के रूप में अपनी सेवा देने लगा. बताया जाता है कि इसी दौरान दोनों के बीच अफेयर शुरू हुआ, जो सालों तक चला.
शादी के बाद रहस्यमयी ढंग से गायब हुआ शिक्षक
कमलेश की शादी 16 मई 2022 को किरण नाम की युवती से हुई थी. हैरानी की बात यह है कि कमलेश की शादी में अंजलि न सिर्फ शामिल हुई, बल्कि उसने बढ़-चढ़कर हिस्सा भी लिया था. शादी के कुछ समय बाद, जुलाई 2023 में कमलेश रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया. परिजनों ने काफी तलाश की,लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने बड़हरा थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई.
पटना हाईकोर्ट के निर्देश पर जब सीबीआई ने इस केस की कमान संभाली, तो परतें खुलने लगीं. जांच में तीसरे शख्स रूपेश चौबे की एंट्री हुई. सीबीआई ने 10 दिन पहले बक्सर से रूपेश को गिरफ्तार किया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि रूपेश भी महिला दरोगा अंजलि से प्यार करता था. टेक्निकल एविडेंस और रूपेश के बयानों के आधार पर बुधवार को सीबीआई ने लखीसराय से दरोगा अंजलि कुमारी को गिरफ्तार कर लिया.
भाई की आपबीती, बंद कमरे में होती थी हंसी-ठिठोली
लापता शिक्षक के भाई राकेश कुमार ने बताया कि अंजलि और रूपेश अक्सर कमलेश से मिलने घर आते थे. शादी के वक्त भी कमलेश ने अंजलि के लिए खास तौर पर गाड़ी भेजी थी. राकेश ने दर्द छलकाते हुए कहा कि हम ढाई साल से दर-दर की ठोकर खा रहे हैं. अब सीबीआई की कार्रवाई से उम्मीद जगी है कि सच सामने आएगा और मेरे भाई का सुराग मिलेगा. सीबीआई अब अंजलि और रूपेश को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि लापता शिक्षक कमलेश राय के साथ आखिर उस दिन क्या हुआ था. क्या यह ईर्ष्या में की गई हत्या है या कमलेश को कहीं छिपाकर रखा गया है, यह अभी भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.