भोजपुर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के छोटकी सनदिया गांव की रहने वाली 20 साल की रानी कुमारी की 20 फरवरी को उदवंतनगर प्रखंड के छोटा सासाराम के रहने वाले जयप्रकाश शर्मा से होनी थी. जयमाला के ठीक पहले जयप्रकाश ने दुल्हन बनी रानी की ओर हाथ बढ़ाया, लेकिन थकावट की वजह से रानी बेहोश होकर गिर गई. रानी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. इलाज में करीब 3 घंटे लग गए.उधर, दुल्हन का इंतजार करने के बजाए जयप्रकाश ने शादी से इनकार कर दिया और दुल्हन के पिता को बिना बताए बारात के साथ लौट गया.
बताया गया कि बारात तय समय पर पहुंची. स्वागत हुआ, रस्में शुरू हुईं, और सबकी निगाहें उस पल पर टिक गईं जिसका इंतजार हर शादी में सबसे ज्यादा होता है जयमाल. दुल्हन लाल जोड़े में सजी मंच की ओर बढ़ी. हाथों की मेहंदी अभी गहरी थी, आंखों में नए जीवन के सपने साफ दिख रहे थे. लेकिन किस्मत को शायद कुछ और मंजूर था. जयमाल से ठीक पहले दुल्हन अचानक लड़खड़ाई और मंच पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी. कुछ पल पहले तक तालियों से गूंजता माहौल सन्नाटे में बदल गया. परिजन घबराकर उसे तुरंत अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन शादी की रस्में वहीं थम गईं.
दुल्हन का रो-रो कर बुरा हाल
इधर बारात पक्ष असमंजस में था. इंतजार, सलाह-मशविरा और चर्चाओं के बीच आखिरकार फैसला लिया गया कि बारात वापस लौटेगी. कुछ ही देर में गाड़ियां एक-एक कर वहां से निकल गईं. जब दुल्हन को होश आया और उसे बताया गया कि बारात जा चुकी है, तो उसकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे. उसने टूटे स्वर में कहा “मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई… अब कौन मुझसे शादी करेगा?”
दूल्हे से जब इस बारे में पूछा गया तो उसका जवाब भी अनिश्चितता से भरा था “मैं नहीं जानता, आगे क्या होगा.” यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि समाज के सामने खड़ा एक बड़ा सवाल है. क्या एक मेडिकल इमरजेंसी किसी लड़की की पूरी जिंदगी का फैसला बन जानी चाहिए? क्या थोड़े धैर्य और संवेदनशीलता से इस रिश्ते को बचाया जा सकता था?
क्या शादी होगी खत्म?
शादी सिर्फ दो लोगों का बंधन नहीं होती, यह भरोसे और साथ निभाने का वादा भी होती है. ऐसे में यह घटना हमें सोचने पर मजबूर करती है कि कठिन परिस्थिति में हमारा निर्णय कितना मानवीय और संवेदनशील होता है. रोशनी से सजा वह मंडप अब खाली है, लेकिन उस खालीपन में कई सवाल गूंज रहे हैं. एक पल की बेहोशी ने न सिर्फ एक शादी रोकी, बल्कि एक लड़की के मन में भविष्य को लेकर डर भी बो दिया. अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि क्या यह कहानी यहीं खत्म होगी, या फिर कभी उम्मीद की कोई नई शुरुआत भी होगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.