भागलपुर जिले के चौसा बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सोमवार देर रात एक परिवार पर हमला किया गया। इस घटना में परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों की पहचान शीला देवी (पति विजेंद्र सिंह), चूड़ी सिंह (पिता विजेंद्र सिंह) और विजेंद्र सिंह (पिता स्वर्गीय बाबू सिंह) के रूप में हुई है। परिवार की बेटी और दामाद भी इस हमले में घायल हुए हैं। यह परिवार पिछले लगभग दो महीने से पेट्रोल पंप के पास दवा-जड़ी-बूटी की दुकान चलाकर जीवन यापन कर रहा था। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के कारण उनके ही गांव के कुछ लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मारपीट में विशंभर सिंह, पप्पू सिंह, बिरजू सिंह, कमल सिंह, राजेश सिंह और जोगिंदर सिंह सहित लगभग 15 लोग शामिल बताए जा रहे हैं। सभी आरोपी मूल रूप से उसी गांव के निवासी हैं और वर्तमान में पंजाब में कार्यरत हैं। परिवार ने यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा पहले भी दो-तीन बार मारपीट की घटनाएं की जा चुकी हैं। घायल विजेंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान लाठी-डंडों से लैस लगभग 15 लोग वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के सभी सदस्य घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को चौसा अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.