बैतूल जिले के भैंसदेही विकासखंड अंतर्गत विजय ग्राम पंचायत के नीमढाना गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी से नाराज ग्रामीणों ने बैतूल–अमरावती स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस विरोध के कारण हाईवे पर यातायात कई घंटों तक पूरी तरह ठप रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से सीसी रोड का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे खासकर बारिश के मौसम में आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा पेयजल संकट भी लगातार बना हुआ है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया।
इसी के चलते ग्रामीणों ने एकजुट होकर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पढ़ें: नवोदय स्कूल एडमिशन में EWS पर सवाल, हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब; जानें
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझाइश दी। पुलिस की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सीसी रोड निर्माण और पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कर दिया गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.