बेतिया नगर के बसवरिया निवासी राहुल कुमार (21) की नौतन में हुई हत्या के विरोध में गुरुवार देर शाम इलाके में तीखा आक्रोश देखने को मिला। बुधवार के शाम घात लगाकर किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल राहुल ने मोतिहारी के रहमनानिया अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए।
दो घंटे तक यातायात बंद रहा
लोगों ने बांस-बल्लियों से मुख्य मार्ग जाम कर दिया और बीच सड़क पर आगजनी की। करीब दो घंटे तक यातायात बंद रहा और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मृतक की मां कमलावती देवी ने नौतन थाना में आवेदन देकर इन छह लोगों को नामजद किया है।
बगही लोहिया पुल से पहले आरोपी पहले से छिपे बैठे थे
अंबेडकर पटेल, ऋतिक कुमार, बबलू पटेल, गोलू यादव, अमित यादव, झुनझुन कुमार, साथ ही 5-6 अज्ञात लोगों पर भी हत्या का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार बुधवार शाम झुनझुन कुमार राहुल को घर से बुलाकर ले गया। नौतन थाना क्षेत्र के बगही लोहिया पुल से पहले आरोपी पहले से छिपे बैठे थे। राहुल के पहुंचते ही उसकी बाइक को सामने से टक्कर मारी गई। इसके बाद उस पर लोहे की रॉड और शॉकर पाइप से पीट पीट कर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज की
सिर पर लगातार वार किए गए।सिर कुचल जाने से उसकी हालत मौके पर ही गंभीर हो गई। हमले के बाद आरोपियों ने परिजनों को फोन कर कहा दुर्घटना हुई है, जल्दी आइए। परिजन पहुंचे और राहुल को गंभीर हालत में GMCH ले गए। स्थिति नाजुक होने पर उसे मोतिहारी रेफर किया गया। वहीं, रहमनानिया अस्पताल में इलाज के क्रम में उसकी मौत गुरुवार के देर शाम हो गई। नौतन पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।
पुलिस टीम पुरानी रंजिश की भी जांच कर रही
प्राथमिक जांच में घटना को पूरी तरह योजनाबद्ध हमला माना गया है। पुलिस झुनझुन की भूमिका, आरोपियों के आपसी संबंध और किसी पुरानी रंजिश की भी जांच कर रही है। राहुल की मौत से बसवरिया और नौतन में शोक की लहर है। परिजन लगातार आरोप लगा रहे हैं कि राहुल को साजिश के तहत बुलाकर बेरहमी से मारा गया।
ये भी पढ़ें- Bihar News: यहां प्रदूषण का रिकॉर्ड स्तर, शहर का AQI 500 के पार; जानें एक्सपर्ट ने बचाव के लिए क्या सुझाव दिए?
मां कमलावती देवी सदमे से बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। इधर सदर SDPO विवेक दीप ने बताया कि सड़क जाम की सूचना पर पुलिस तुरंत पहुंची। लोगों को समझा-बुझाकर माहौल शांत कराया गया। एफआईआर दर्ज कर ली गई है, और पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.