बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राणा बैद्यनाथ सिंह ने पश्चिम चंपारण जिले के अनुसूचित जाति एवं जनजाति (SC/ST) आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। मुजफ्फरपुर से पहुंची टीम ने इन विद्यालयों में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद यह जांच की। टीम सबसे पहले गौनाहा प्रखंड के बेलसंडी स्थित SC/ST आवासीय विद्यालय पहुंची। यहां स्टॉक रजिस्टर और अन्य पंजियों की गहन जांच की गई। विद्यालय को आपूर्ति किए गए कंबल, पंखा और रोटी मशीन की गुणवत्ता की भी पड़ताल हुई। निर्माणाधीन विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया गया। किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक, जिला कल्याण पदाधिकारी अमित भास्कर और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई। डिप्टी डायरेक्टर ने आवश्यक निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद टीम मैनाटांड़ प्रखंड के भिरभिरिया स्थित आवासीय विद्यालय पहुंची। डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि समय-समय पर जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सरकार द्वारा उपलब्ध सभी सुविधाएं सही तरीके से मिलें। फर्जी बिलों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप बेलसंडी विद्यालय के तत्कालीन नाइट गार्ड सत्येंद्र कुमार की पत्नी उषा देवी ने जिलाधिकारी समेत उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर फर्जी बिलों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया था। इससे पहले भिरभिरिया विद्यालय में भी अनियमितताओं को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जा चुका है। इस बीच, बगहा-दो स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, सिंधाव से भी शिकायतें मिली हैं। इनमें रोटी मशीन का बंद रहना, बेंच-डेस्क की मरम्मत में गड़बड़ी और भोजन की गुणवत्ता शामिल है। इन शिकायतों की भी जांच की मांग की गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.