बेमेतरा जिले के बेरला थाना में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां कृषि विभाग के रिटायर्ड एसडीओ के सिम को ई-सिम व आधार कार्ड का बायोमेट्रिक लॉक कर 2.73 लाख रुपए निकाल लिए गए है। मामले में ग्राम तारालीम निवासी भगवती प्रसाद ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में बताया गया कि पीड़ित भगवती प्रसाद के मोबाइल में ई-सिम मे परिवर्तित करने एक मैसेज व ओटीपी आया। उसके बाद से उनका सिम नंबर मोबाइल फोन में काम नहीं कर रहा था। इसके अलावा उनका आधार कार्ड का बायोमेट्रिक लॉक हो गया। इस समस्या को लेकर संबंधित मोबाइल कंपनी के कार्यालय रायपुर में जानकारी दी। वहां पर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इस बीच उनके खाते से अज्ञात आरोपी द्वारा दो लाख 73 हजार 401 रुपये निकाल लिए गए। वहीं, अब तक उनका आधार कार्ड व सिम चालू नही हो पाया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिम नंबर व आधार कार्ड का दुरूपयोग कर धोखाधड़ी किया गया है। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4)-BNSके तहत मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।