बेलदौर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। आजादनगर गांव के समीप मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की डिक्की तोड़कर 2 लाख 29 हजार रुपए लूट लिए। पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित युवक के अनुसार, यह घटना 29 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। वह बेलदौर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से कुल 2 लाख 29 हजार रुपये निकालकर बाहर आया था। बैंक से निकलते ही लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधी उसके पीछे लग गए। जैसे ही पीड़ित आजाद नगर पहुंचा और खेत देखने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से उतरा, घात लगाए बैठे दोनों अपराधियों ने उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़ दी। उन्होंने पीड़ित के पास मौजूद 2 लाख 29 हजार रुपए नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि अपराधियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। घटना को अंजाम देने के बाद वे तेजी से भाग निकले। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी दूर जा चुके थे। इसके बाद पीड़ित सीधे बेलदौर थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी और लूटी गई रकम बरामद करने की मांग की है। मामले के संबंध में बेलदौर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि गुरुवार देर शाम पीड़ित का आवेदन मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.