Begusarai halala condition triple talaq case : शादी एक भरोसा होती है, साथ निभाने का वादा. लेकिन जब वही रिश्ता मोबाइल स्क्रीन पर लिखे तीन शब्दों में तोड़ दिया जाए तो कोई भी महिला टूट जाती है. बेगूसराय की रुखसाना खातून की जिंदगी भी कुछ ऐसी ही टूट गई, जब उसके पति ने व्हाट्सएप मैसेज भेजकर उसे तीन तलाक दे दिया. अब वह इंसाफ की उम्मीद लिए थाने, दफ्तर और आयोगों के चक्कर काट रही है.
बेगूसराय में तीन तलाक केस ने पकड़ा तूल
इंसाफ को तरसती रुखसाना की कहानी
यह मामला बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के शोकहरा-2 कलमबाग का है. पीड़िता रुखसाना खातून का आरोप है कि उसके पति मोहम्मद मकबूल ने 20 फरवरी 2024 को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर उसे तीन तलाक दे दिया. रुखसाना की शादी 11 मार्च 2022 को हुई थी. निकाह के समय 51 हजार रुपये मेहर और दो भर सोना दिया गया. लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद दहेज की मांग शुरू हो गई. पांच लाख रुपये नहीं देने पर मारपीट, प्रताड़ना और घर से निकालने का आरोप है. समाज के हस्तक्षेप के बाद वह वापस ससुराल लौटी, लेकिन दिल्ली ले जाकर उससे और उसके परिवार से लगातार पैसे वसूले गए. रुखसाना का दावा है कि अब तक 16 से 17 लाख रुपये उससे ले लिए गए.
दहेज की मांग और महिला की प्रताड़ना
पीड़िता के अनुसार शादी के तीन महीने बाद ही ससुराल पक्ष ने 5 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी. मांग पूरी नहीं करने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई. बाद में उसे घर से निकाल दिया गया. समाज के हस्तक्षेप के बाद पति उसे वापस ले गया और दिल्ली लेकर चला गया. रुखसाना का आरोप है कि दिल्ली में कारोबार के नाम पर पति ने उसकी मां से 5 लाख रुपये लिए, जिसके लिए मां ने गहने गिरवी रखे और कर्ज लिया. इतना ही नहीं, बेटी के नाम पर बैंक में जमा 1 लाख 40 हजार रुपये की एफडी भी तुड़वाकर ले ली गई. पीड़िता का दावा है कि अब तक उससे और उसके परिवार से 16 से 17 लाख रुपये लिए जा चुके हैं.
पैसे वापस मांगने पर हमले का आरोप
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर उसके मायके पर हमला कराया गया, जिसमें वह और उसका भाई घायल हो गए. अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना देने की सलाह दी, लेकिन पति ने माफी मांगकर मामला शांत कराया. जून 2023 में बेटे के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई. पीड़िता का आरोप है कि पति ने फोन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और देह व्यापार में धकेलने तक की बात कही. जब उसने साथ रहने की इच्छा जताई तो कथित तौर पर ससुर या जेठ के साथ हलाला करने की शर्त रखी गई.
तीन तलाक कानून के बाद भी डर, बेगूसराय में व्हाट्सएप तलाक से मचा हड़कंप.
मैसेज में तलाक और धमकियों का सिलसिला
रुखसाना का दावा है कि 17 मार्च 2024 को पति ने मैसेज कर दूसरी शादी करने की जानकारी भी दी. साथ ही देवर द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि वह पिछले दो वर्षों से थाना के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला. कभी फुलवरिया थाना तो कभी महिला थाना भेजा जाता है. उसने आरोप लगाया कि केस दर्ज होने के बाद पति के दबाव में उस पर ही चोरी का मामला दर्ज कर दिया गया.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
उसके वकील अभिषेक जायसवाल का कहना है कि गंभीर धाराएं नहीं लगाई गईं और मामले में लापरवाही बरती गई. वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने बताया कि मोबाइल पर तीन तलाक देने का मामला संज्ञान में लिया गया है और संबंधित पुलिस पदाधिकारी से रिपोर्ट तलब की गई है. पुलिस ने दो दिन का समय मांगा है. उन्होंने और कहा है कि समाज में जागरूकता की जरूरत है. जागरूकता के बिना कुछ नहीं होने वाला है. इसलिए लोगों को जागरूक होना है जैसे दहेज प्रथा खत्म हुआ है, वैसे ही अगर जागरूक लोग हो जाएंगे तो तीन तलाक भी खत्म हो जाएगा. फिलहाल, इस घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अब देखना होगा कि पीड़िता को न्याय कब तक मिलता है.
About the Author

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.