बांका जिले में रंगों का त्योहार होली मंगलवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस वर्ष चंद्रग्रहण के कारण जिले में दो दिनों तक होली का उत्सव मनाया जा रहा है। अधिकांश स्थानों पर बुधवार को भी परंपरागत रूप से होली खेली जाएगी। तिथि को लेकर शुरुआत में लोगों में असमंजस था, लेकिन अब गांव से लेकर शहर तक हर ओर रंग और उमंग का माहौल है। मंगलवार को कई जगहों पर लगातार दूसरे दिन भी धुरखेल खेला गया। ग्रामीण इलाकों में लोग ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक फगुआ गीत गाते हुए टोलियां बनाकर गांव-गांव घूम रहे हैं। सुबह से ही फगुआ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। “होली है” के जयकारों और “रंग बरसे” जैसी धुनों पर युवा झूमते नजर आए। होली से जुड़ी तस्वीरें.. सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा
बच्चे रंग और पिचकारी लेकर घरों से निकलकर अपने साथियों के साथ मस्ती कर रहे हैं। युवाओं की अलग-अलग टोलियां रंग-गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे को बधाई दे रही हैं। शहर और गांव दोनों जगहों पर होली की उमंग समान रूप से दिखाई दे रही है। लोग एक-दूसरे के घर जाकर अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दे रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी बधाइयों का आदान-प्रदान जारी है। होली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रशासन के सख्त निर्देश पर डीजे और अश्लील गानों पर प्रतिबंध लगाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बांका जिले में होली का त्योहार सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.