बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति और सामान्य सभा की बैठक संपन्न हुई। यह बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव और अन्य जिला पंचायत सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को गर्मी में पेयजल समस्या से निपटने के लिए विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए गए। विभाग को खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। वन विभाग को महुआ बीनने के दौरान जंगलों में आग लगने की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। विभाग को हाट-बाजारों के माध्यम से ग्रामीणों को जंगल में आग न लगाने के प्रति जागरूक करने और ऐसा करने पर प्रावधानित दंड की जानकारी देने को भी कहा गया। क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। भविष्य में हाथियों के लिए पानी की व्यवस्था के लिए जंगलों में तालाब निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के लिए भी कहा गया। किसानों की सुविधा के लिए सहकारी बैंकों में आसान भुगतान के निर्देश सहकारी बैंकों से धान की राशि निकालने में किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए सभी किसानों का ई-केवाईसी पूरा कराने के निर्देश दिए गए। चेक के माध्यम से राशि निकालने वाले किसानों को अन्य खातों में राशि अंतरण कराने और विड्रॉल फॉर्म से राशि निकालने वाले किसानों को प्राथमिकता से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कृषि विभाग को रबी फसल की खेती के लिए वितरित किए गए बीजों की जानकारी विकासखंड और ग्राम पंचायतवार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पंचायत का 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पास बैठक में बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पंचायत का वर्ष 2026-27 के लिए तैयार बजट सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। अखरा निर्माण समिति के लिए जिला स्तरीय समिति में जिला पंचायत के चार सदस्यों गीता पैंकरा, रामप्रताप सिंह, अनीता मरकाम और संजीता के नाम सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर, उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, सभापति मुन्शी राम और बद्री यादव सहित अन्य अधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.