दुर्ग में अफीम की खेती पकडे जाने के बाद बलरामपुर में करीब पांच एकड़ रकबे में लगी अफीम की खेती पकड़ी गई है। त्रिपुरी के सरनाटोली में गांव से दूर जंगल किनारे अफीम की खेती की गई थी। अफीम पूरी तरह से तैयार है और डोडों में चीरा भी लगाया गया है। ग्रामीणों की सूचना पर कुसमी एसडीओपी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा है। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। मंगलवार को कुसमी SDOP आशीष कुंजाम सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। मौके पर अफीम की खेती लहलहा रही है। यहां अफीम के डोडे तैयार हैं और डोडों में चीरा भी लगाया गया है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि अफीम के डोडों से अफीम निकाला जा रहा था। मौके से पुलिस टीम ने बड़ी मात्रा में सूखे डोडे बरामद किया है, जिसमें खसखस भरे हुए हैं। दुर्ग में कार्रवाई के बाद हुई शिकायत
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार उन्हें अफीम की खेती किए जाने की जानकारी थी, लेकिन यह नहीं पता था कि यह अवैध है। दुर्ग में विनायक ताम्रकार एवं अन्य के खिलाफ अफीम की खेती किए जाने पर कार्रवाई हुई तो लोगों को पता चला कि यह गैर कानूनी है। इसके बाद सूचना कुसमी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंची। जिस इलाके में कार्रवाई हुई है, वह इलाका झारखंड से लगा हुआ है। पुलिस द्वारा अफीम लगाने वालों की जानकारी एकत्र की जा रही है। बताया गया है कि ग्रामीणों की जमीन को किराए पर लेकर बाहरी लोगों ने अफीम लगाई थी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.