बलौदाबाजार में जिले के प्रभारी और स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने भाटापारा में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को 4 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का प्रस्ताव भेजने और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की संख्या व उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्राथमिक कक्षाओं में ड्रॉपआउट की अधिक संख्या को कम करने पर जोर दिया। गर्मी की छुट्टी में बच्चे करें अगले क्लास की तैयारी उन्होंने स्कूल परिसर में वृक्षारोपण करने, मुख्य प्रवेश द्वार पर स्कूल के नाम का बोर्ड लगाने, एसी की आउटडोर यूनिट को खिड़की से बाहर स्थापित करने और शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रेक्टिकल क्लास , कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। प्रभारी सचिव ने नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने उन्हें पढ़ाई, खेलकूद और करियर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अगला साल बोर्ड परीक्षा का होगा, इसलिए गर्मी की छुट्टियों में ही अगली कक्षा की तैयारी शुरू कर दें। खेल रखता है मानसिक रूप से फिट उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद को भी महत्व देने की सलाह दी, क्योंकि यह मानसिक रूप से फिट रखता है। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल और एसडीएम श्यामा पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.