थाना बहादुरगढ़ पुलिस एक बार फिर अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में है। गढ़ नगर के एक युवक और उसकी प्रेमिका ने आरोप लगाया है कि बहादुरगढ़ क्षेत्र के चार पुलिसकर्मियों ने उन्हें ब्लैकमेल कर 20 हजार रुपये वसूल लिए। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है।
पीड़ित युवक ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका के साथ बाइक से सलारपुर गांव के पास एक सुनसान स्थान की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों गढ़मुक्तेश्वर-स्याना मार्ग से लिंक रोड की तरफ पहुंचे, तभी एक निजी कार में सवार चार पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इनमें एक पुलिसकर्मी वर्दी में जबकि तीन सादे कपड़ों में थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दोनों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी। इससे घबराकर युवक और युवती ने माफी मांगी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस अपने कब्जे में लेकर सुबह थाने आने को कहा।
रविवार सुबह युवक अपने एक परिचित के साथ थाने पहुंचा। वहां कई घंटे बैठाने के बाद पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई का डर दिखाते हुए 50 हजार रुपये की मांग की। काफी मिन्नतों और बातचीत के बाद मामला 20 हजार रुपये में निपटाया गया, जिसके बाद युवक को उसका मोबाइल और लाइसेंस वापस कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बोले अधिकारी
मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सच्चाई सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस तरह का मामला कतई बार्दस्त नहीं किया जाएगा। – स्तुति सिंह, सीओ
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.