Free Computer Courses for Students: अगर आपने अभी-अभी 12वीं पास की है या कॉलेज में हैं, तो यह खबर आपके करियर की दिशा बदल सकती है. अब कंप्यूटर सीखने के लिए आपको हजारों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं है. सरकार युवाओं को फ्री में कंप्यूटर कोर्स करने का मौका दे रही है. कोचिंग की फीस से लेकर सर्टिफिकेट तक का पूरा खर्च सरकार उठाएगी. डाटा एंट्री ऑपरेटर से लेकर ऑफिस असिस्टेंट बनने तक, यह एक कोर्स आपको नौकरी दिलाने में सबसे ज्यादा मददगार साबित होगा. जानिए कैसे और कहां आप इसके लिए आवेदन कर सकते हैं.
कंप्यूटर सेंटर संचालक कैलाश कांडपाल ने लोकल 18 को बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. कंप्यूटर कोर्स करने के बाद छात्र डाटा एंट्री ऑपरेटर, ऑफिस असिस्टेंट, स्क्रिप्ट राइटर या अन्य कंप्यूटर से जुड़े कार्यों में रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं. इसके साथ ही एमएस वर्ड, एक्सेल, टाइपिंग और अन्य बेसिक कंप्यूटर स्किल भी सीखने को मिलती है.
कोर्स के बाद दिया जाता है सर्टिफिकेट
इन कोर्स की अवधि अलग-अलग होती है. कुछ कोर्स एक महीने के होते हैं, जबकि कई कोर्स 3 महीने, 6 महीने या 1 साल तक भी चलते हैं. कोर्स पूरा होने के बाद संबंधित विभाग या मान्यता प्राप्त संस्थान की ओर से प्रमाण पत्र भी दिया जाता है. यह प्रमाण पत्र भविष्य में नौकरी पाने या किसी अन्य कोर्स में प्रवेश लेने के लिए उपयोगी साबित होता है.
बागेश्वर जिले में भी युवाओं के लिए इस तरह के कोर्स की सुविधा उपलब्ध है. यहां यूआईटी कंप्यूटर सेंटर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत कंप्यूटर कोर्स की जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाता है. इसके अलावा जन शिक्षण संस्थान, समाज कल्याण विभाग और जिला युवा कल्याण विभाग के माध्यम से भी युवाओं को इन कोर्स के बारे में जानकारी दी जाती है.
आवेदन के लिए जरूरी कागजात
अगर कोई छात्र या युवा इस योजना का लाभ लेना चाहता है, तो उसके पास कुछ जरूरी दस्तावेज होना जरूरी है. इनमें आधार कार्ड, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का प्रमाण पत्र शामिल है. इन दस्तावेजों के आधार पर संबंधित संस्थान में जाकर आवेदन किया जा सकता है. कई जगहों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध होती है.
स्थानीय संस्थानों का कहना है कि आज के समय में कंप्यूटर की जानकारी होना बहुत जरूरी हो गया है. सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में कंप्यूटर स्किल रखने वाले युवाओं की मांग बढ़ती जा रही है. ऐसे में सरकार की यह पहल युवाओं को नई दिशा देने और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने में काफी मददगार साबित हो सकती है. इसलिए अगर आप भी कंप्यूटर सीखकर अपने करियर को बेहतर बनाना चाहते हैं, तो अपने नजदीकी प्रशिक्षण केंद्र या संबंधित विभाग में जाकर इस योजना की जानकारी जरूर लें और समय रहते आवेदन करें.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.