नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि महात्मा गांधी देश में राम राज्य की कल्पना करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘G RAM’ शब्द से कांग्रेस को दिक्कत होती है, इसी कारण वह इस योजना का विरोध कर रही है। बाबूलाल मरांडी मंगलवार को जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड में भाजपा के जन-जागरण सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। यहां उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लंदन दौरे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री विदेश गए थे, वह 22 तारीख को ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री का देश से बाहर रहना बेहद शर्मनाक है। ‘पूरे परिवार के साथ शॉपिंग कर रहे हैं’
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री झारखंड की जनता की गाढ़ी कमाई, अवैध बालू और कोयला कारोबार से अर्जित धन को निवेश करने के लिए विदेश गए हैं और पूरे परिवार के साथ शॉपिंग कर रहे हैं। जबकि उनके नेता यह दावा कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री विदेशी निवेश लाने गए हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों से निवेश वहीं आता है, जहां अमन-चैन, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का माहौल हो। झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और दिनदहाड़े गोली चल रही है। ऐसे हालात में कोई भी विदेशी निवेशक यहां निवेश करने क्यों आएगा, जब वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेगा। किसी भी कीमत पर योजना का नाम बदलने नहीं देंगे: इरफान अंसारी इधर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने मरांडी के बयान को ‘देश तोड़ने वाला’ बताते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। कहा- भाजपा भगवान राम के नाम का इस्तेमाल कर ‘रावण राज’ स्थापित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि वे इस ‘साजिश’ का विरोध करते हैं और किसी भी कीमत पर योजना का नाम बदलने नहीं देंगे। इरफान अंसारी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन कर रही है और उनका संघर्ष जारी रहेगा। डॉ. इरफान अंसारी ने इसे एक ‘बड़ी साजिश’ करार दिया
डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर 60/40 मॉडल थोपने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड एक गरीब राज्य है और यहां 40 प्रतिशत हिस्सा देना संभव नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जब 5 प्रतिशत देना भी मुश्किल है, तो 40 प्रतिशत कहां से देंगे। डॉ. इरफान अंसारी ने इसे एक ‘बड़ी साजिश’ करार देते हुए कहा कि इसका सीधा असर गरीबों, मजदूरों और आम जनता पर पड़ेगा। डॉ. इरफान अंसारी ने बाबूलाल मरांडी और भाजपा से अपील की कि यदि उन्हें राज्य, यहां के लोगों और मजदूरों से वास्तव में प्रेम है, तो वे इस मुद्दे पर सरकार और जनता के साथ खड़े हों।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.