अरवल थाना क्षेत्र के बैदराबाद-बेलखारा मोड़ के पास शनिवार को एक डॉक्टर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के हमीदनगर गांव निवासी 45 वर्षीय डॉ. महेंद्र प्रसाद रजक के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पटना के सिपारा एतवारपुर में अपने परिवार के साथ रहते थे। बहन के घर जाते समय़ हुा हादसा मृतक के चचेरे भाई अनुराग रजक ने बताया कि डॉ. महेंद्र प्रसाद रजक तेलपा थाना के मियाबाग में सिद्धि यादव के पोते के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए थे। देर रात वह बिना किसी को बताए अपनी बाइक से अरवल के डंगराआहर स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। डॉ. रजक के दो बेटे हैं, जो मेडिकल की तैयारी कर रहे हैं। सड़क दुर्घटना का लग रहा मामला सदर थाना प्रभारी दरबारी चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सड़क दुर्घटना का मामला लग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया। मृतक के मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। जानकारी के अनुसार, डॉ. महेंद्र प्रसाद रजक पटना के एतवारपुर स्थित गणेश हॉस्पिटल से जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि यह अस्पताल उनका निजी संस्थान था और वह एक चर्चित सर्जन भी थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई पुलिस ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आवेदन दिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.