अरवल में 02 जनवरी, शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृषा बैस ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान लगभग 32 परिवादियों की शिकायतें सुनी गईं।
परिवादियों ने भूमि विवाद, जमाबंदी, परिमार्जन, दाखिल खारिज, अतिक्रमण, मजदूरी, मानदेय भुगतान, मुआवजा, दुर्घटना, राजस्व, आवास योजना और राशन कार्ड से संबंधित मामले प्रस्तुत किए। ये शिकायतें भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय, उप विकास आयुक्त कार्यालय, अंचलाधिकारी कार्यालय, थाना प्रभारी, शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, आपदा विभाग और अन्य विभागों से जुड़ी थीं।
जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनता की समस्याओं का समाधान त्वरित और पारदर्शी तरीके से करें।
कुर्था प्रखंड के सैदपुर निवासी लुटन यादव ने शिकायत की कि उनकी निजी जमीन पर विद्युत विभाग ने बिजली का पोल लगा दिया है, जिससे मकान निर्माण में दिक्कत आ रही है। उन्होंने पोल को हटाकर चिन्हित स्थान पर लगवाने का अनुरोध किया। इस पर जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, अरवल को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कलेर प्रखंड के बेलसार निवासी चंद्रदेव दास ने बताया कि वे महादलित परिवार से हैं और उनका मकान मिट्टी व फूस का बना हुआ है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने आवास योजना के तहत राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया ताकि वे अपना मकान बना सकें। जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त, अरवल को इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कुर्था प्रखंड के सचई निवासी अनिल कुमार ने अपनी निजी भूमि का लगान निर्धारण करवाने के लिए आवेदन किया था, लेकिन भूमि सुधार उप समाहर्ता, अरवल कार्यालय द्वारा उन्हें पिछले छह माह से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने अपनी भूमि का लगान निर्धारित करवाने का आग्रह किया ताकि वे सरकारी लगान का समय पर भुगतान कर सकें। इस पर जिला पदाधिकारी ने राजस्व पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अरवल और अंचलाधिकारी, कुर्था को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.