अरवल जिले के रामपुर चौरम थाना क्षेत्र अंतर्गत हैबतपुर गांव में एक नहर में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। गुरुवार शाम हुई इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह बच्चे का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल भेज दिया है। मृतक की पहचान हैबतपुर गांव निवासी सत्येंद्र पासवान के पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुमन अपने कुछ साथियों के साथ गांव में ही नहर किनारे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक सुमन पानी में लापता हो चुका था। काफी खोजबीन के बावजूद अंधेरा हो जाने के कारण बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। रात अधिक होने और अंधेरे के कारण खोजबीन का काम रोकना पड़ा। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने पुनः नहर में तलाश शुरू की, जहां गांव के समीप ही पानी में बच्चे का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर रामपुर चौरम थाना प्रभारी बलिस्टर राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल भेज दिया। थाना प्रभारी बलिस्टर राम ने बताया कि गुरुवार शाम एक बच्चे के नहर में डूबने की सूचना मिली थी, लेकिन उसे बरामद नहीं किया जा सका था। शुक्रवार को शव बरामद कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आपदा राहत के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए अंचल पदाधिकारी को सूचित कर दिया गया है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस घटना की सूचना मिलने पर अरवल के पूर्व विधायक महानंद सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.