भास्कर संवाददाता | आगर मालवा लंबे समय से लंबित एरियर भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार को जिले के बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों ने बिजली विभाग के जिला कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अधीक्षण यंत्री को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि उनका करीब 80 लाख रुपए से अधिक का एरियर लंबे समय से बकाया है। इसके साथ ही तनोड़िया वितरण केंद्र के कर्मचारियों के वेतन से हुई कटौती के संबंध में भी अधिकारियों को अवगत कराया गया। कर्मचारियों ने मांग की कि लंबित एरियर राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए। इस पर विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों को जल्द ही भुगतान कराने का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 8 दिन के भीतर राशि का भुगतान नहीं किया गया तो वे न्यायिक शरण लेने को मजबूर होंगे। धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष हरिनारायण चौहान, विनोद बोडाना, सिद्धार्थ माली, रवि परमार, दिनेश सिसोदिया, ललित गहलोत, सत्यनारायण गुर्जर, महेश चौधरी, लोकेंद्र सिंह, सलमान खान, रोशनी सोनी सहित करीब 300 कर्मचारी मौजूद रहे। जानकारी जितेंद्र गुर्जर ने दी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.