धनौली गांव में आज उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्य सड़क से घर लौट रहे बुजुर्ग दंपत्ति पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना गौरेला थाना क्षेत्र के धनौली गांव के तेंदुमुड़ा मोड़ के पास की है।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग लालजी अपनी पत्नी कौशल्या के साथ पैदल घर जा रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों का बड़ा झुंड उन पर टूट पड़ा। हमले में लालजी के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर डंक लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पति पर हमला होता देख उनकी पत्नी कौशल्या मदद के लिए दौड़ी, लेकिन मधुमक्खियों ने उन्हें भी निशाना बनाकर घायल कर दिया। बताया गया कि लालजी पहले से लकवा ग्रस्त हैं, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई थी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को गौरेला जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सा अधिकारियों ने दंपत्ति की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
मधुमक्खियों के अचानक हमले की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने घटना की जानकारी वन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.