कई बार जल विभाग और प्रशासन से शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार जल विभाग और प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है. मजबूरी में लोगों को अपने घरों में गंदे पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है. कुछ लोग रोजाना डीआरएम कॉलोनी से पीने का पानी भरकर ला रहे हैं, जबकि कुछ लोग बाहर से पानी खरीदने को मजबूर हैं. गंदा पानी पीने के कारण बच्चों के बीमार होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं. लोगों की मांग है कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए.
गंदे पानी की वजह से कई बच्चे और बुजुर्ग बीमार
सुंदर नगर की निवासी सुनीता देवी ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि उनके इलाके में पिछले कई महीनों से गंदा पानी आ रहा है, जिसके कारण उन्हें रोजाना डीआरएम कॉलोनी से पानी भरकर लाना पड़ता है. उन्होंने बताया कि गंदे पानी की वजह से कई बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो चुके हैं. इस संबंध में उन्होंने स्थानीय पार्षद और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. कभी पानी देखने में गंदा होता है तो कभी उसमें बदबू आती है, जिस कारण उन्हें पीने के लिए बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है.
पानी की सप्लाई लाइन टूटी हो, उसे ठीक कराया जाए
स्थानीय निवासी विमला रानी ने बताया कि गंदा पानी पीने से उन्हें पेट से जुड़ी बीमारियां हो रही हैं. वे कभी पानी उबालकर पीती हैं तो कभी उसमें फिटकरी डालकर उपयोग करती हैं. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जहां भी पानी की सप्लाई लाइन टूटी हो, उसे ठीक कराया जाए या फिर पानी की जांच कराकर समस्या का समाधान किया जाए.
गंदे पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई
प्रभा देवी ने बताया कि गंदे पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. उनकी बेटी इस पानी को पीने से गंभीर रूप से बीमार हो गई थी. जांच के दौरान उसे पीलिया (जॉन्डिस) होने की पुष्टि हुई और अभी तक उसका इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने अपने घरों में आरओ (RO) लगवा लिया है, जबकि कुछ लोग रोजाना बाहर से पानी लाते हैं.
अन्य स्थानीय महिलाओं ने भी बताया कि गंदे पानी के कारण घरों की टंकियों में मिट्टी जम जाती है, जिससे उन्हें बार-बार टंकियों की सफाई करनी पड़ती है.
पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए
स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और जल्द से जल्द इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.