Aligarh News : सर्दियों के मौसम में अलीगढ़ के मछली बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है. 140 से 150 रुपये प्रति किलो की किफायती कीमत पर मिलने वाली पंगेशियस मछली अपनी बोनलेस बनावट और पोषक तत्वों से भरपूर गुणों के कारण लोगों की पहली पसंद बन गई है.
इंद्रपाल सिंह ने बताया कि बाजार में उपभोक्ता सिंगल कांटे वाली मछलियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. इनमें पंगेशियस मछली की मांग सबसे अधिक है, जिसे आम बोलचाल में पंगेस, करई और बड़े शहरों में बासा के नाम से जाना जाता है. इसका उत्पादन अच्छा होता है और यह आसानी से बोनलेस हो जाती है, जिससे इसकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई है.
पंगेशियस मछली की खासियत
इंद्रपाल सिंह ने बताया कि पंगेशियस मछली आम लोगों की पहुंच में है. वर्तमान में इसकी कीमत बाजार में लगभग 140 से 150 रुपये प्रति किलो है, जो इसे किफायती विकल्प बनाती है. सेहत के लिहाज से भी यह मछली लाभकारी मानी जाती है. इसमें उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन, आवश्यक विटामिन और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है. कम फैट होने के कारण यह उन लोगों के लिए बेहतर है जो अधिक वसा से परहेज करते हैं.
सर्दियों में किफायती बिकल्प
पंगेशियस मछली में मौजूद प्रोटीन भले ही मात्रा में चिकन से थोड़ा कम हो, लेकिन गुणवत्ता के लिहाज से यह अधिक प्रभावी होता है. विटामिन-ए की कमी दूर करने में भी मछली सहायक है. सर्दियों में जब पनीर जैसी चीजें महंगी हो जाती हैं, तब मछली एक किफायती और पौष्टिक विकल्प के रूप में उभरती है. वर्तमान में जिले में मछली का कारोबार संतोषजनक है और इस वर्ष मछली उत्पादन करीब 12 हजार टन तक पहुंचने की उम्मीद है, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 25 से 30 प्रतिशत अधिक है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.