अलीगढ़ साइबर पुलिस ने शेयर में निवेश के नाम पर देश भर में साइबर ठगी कर रहे और हांगकांग से संचालित अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 12 सदस्यों को यूपी सहित देश के छह राज्यों से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पांच हजार करोड़ से ज्यादा की ठगी कर चुका है। इसकी आगे की जांच में इंटरपोल से मदद लेने के लिए सीबीआई को भी पत्राचार किया जा रहा है।
साइबर नोडल एसपी देहात अमृत जैन ने 7 फरवरी को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि स्वर्ण जयंती नगर निवासी दिनेश कुमार शर्मा बैंक में डीजीएम पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके साथ दिसंबर से जनवरी के के बीच 45 दिन के अंतराल में शेयर में निवेश व 200 गुना मुनाफा दिलाने के नाम पर 1.10 करोड़ की ठगी की गई थी। उन्होंने 31 जनवरी को साइबर थाने पर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसपी देहात के अनुसार विवेचना शुरू की गई तो साइबर ठग तब भी उनके संपर्क में थे। बस उसी दिशा में जब प्रयास शुरू किया तो यह गिरोह साइबर टीम के रडार पर आया। काम शुरू किया तो पता चला कि यह गिरोह हांगकांग से संचालित हो रहा है और देशभर में सक्रिय इसके सदस्य व्हाट्सएप ग्रुपों में लोगों को जोड़कर उनसे ठगी कर रकम से यूएसडीटी (अमेरिकी डॉलर से जुड़ी एक क्वाइन) खरीद रहे हैं। दिनेश शर्मा के खाते से जिन खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई थी। वे प्रमुख सात खाते यूपी सहित देश के छह राज्यों से संचालित पाए गए।
इसी आधार पर डीआईजी व एसएसपी के निर्देश पर कुल सात टीमें बनाकर जांच शुरू की गई। इन सातों टीमों ने प्रयास कर यूपी के तीन जिलों के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उड़ीसा में दबिश देकर कुल 12 लोगों को दबोच लिया। हवाई व सड़क मार्गों से इन सभी को शुक्रवार मध्य रात्रि तक यहां लाया गया। पूछताछ व जांच के बाद इन सभी को शनिवार को जेल भेज दिया गया। इनसे पूछताछ में उजागर हुआ है कि अब तक जिस एप से दिनेश शर्मा को ठगा गया। उस एप के जरिये अब तक 5000 करोड़ से ज्यादा की ठगी की जा चुकी है। एसएसपी नीरज जादौन ने पूरी टीम को 25 हजार के इनाम की घोषणा की है।
हमारे जिले की साइबर टीम ने बहुत महत्वपूर्ण खुलासा किया है। इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है। आगे भी इस गिरोह से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।-नीरज जादौन, एसएसपी
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.