Agriculture News : रोहतास के गार्डनिंग एक्सपर्ट प्रेम प्रकाश के अनुसार, सही धूप, संतुलित पानी, घरेलू खाद और कीट नियंत्रण से बैंगन के पौधे में जल्दी फूल और अच्छे फल आ सकते हैं.
अगर आपके बैंगन के पौधे में फूल नहीं आ रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. रोहतास के गार्डनिंग एक्सपर्ट प्रेम प्रकाश बताते हैं कि सही धूप, नियमित देखभाल और कुछ आसान घरेलू उपायों से पौधे में जल्दी फूल और अच्छे फल आ सकते हैं. सबसे पहले ध्यान दें धूप का. बैंगन को प्रतिदिन कम से कम 6-8 घंटे सीधी धूप चाहिए, ताकि पौधा स्वस्थ रहे और फूल जल्दी खिले.

तापमान भी फूलों की संख्या और पौधे की सेहत के लिए महत्वपूर्ण है. बहुत ठंडा या बहुत गर्म मौसम फूलों की संख्या कम कर देता है. घर पर पौधे के आसपास हल्का पानी छिड़ककर वातावरण को ठंडा रखा जा सकता है या पौधे को छायादार जगह पर रखा जा सकता है. ताकि फूल और फल अच्छे बने रहें.

पानी का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है. ज्यादा पानी देने से जड़ सड़ सकती है और सूखी मिट्टी में पौधा तनाव में आता है, जिससे फूल कम आते हैं. गमले में उगाए गए पौधे के लिए मिट्टी को हाथ से महसूस करते हुए पानी दें. इसके लिए हल्की गीली मिट्टी पर्याप्त है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

नाइट्रोजन युक्त खाद ज्यादा देने से पौधा केवल पत्तियां बनाता है. घर में पुराने पत्ते, कंपोस्ट या केले के छिलके का इस्तेमाल करें. ये मिट्टी की उर्वरता बढ़ाते हैं और फूल जल्दी खिलते हैं.

बैंगन की लंबी शाखाओं को सहारा देना जरूरी है. ताकि शाखाएं टूटें नहीं और फूल अच्छे से खिलें. घर पर लकड़ी या बांस की काठी से शाखाओं को बांधा जा सकता है. यह पौधे की लंबी उम्र और मजबूत फूलों के लिए प्रभावी है.

पौधे में पत्ती खाने वाले कीट या रोग होने पर फूल कम आते हैं. घरेलू उपाय जैसे साबुन का पानी, नीम का तेल, हल्दी का पानी या हल्का अदरक का पानी छिड़काव करना चाहिए. ये उपाय पौधे को सुरक्षित रखते हैं और फूल जल्दी लाते हैं.

इसके अलावा कुछ आसान घरेलू टिप्स अपनाएं. दूध का पानी हर 15-20 दिन में मिट्टी में डालें, यह पौधे को मजबूत करता है. पुरानी चाय की पत्ती और घर का सब्ज़ी कचरा मिट्टी में डालें, यह पौधे को पोषण देता है. इन उपायों से मिट्टी उर्वर रहती है और फूल जल्दी आते हैं. गमले में बैंगन के पौधे में फूल आने में सामान्यतः 2-3 महीने लग सकते हैं, लेकिन नियमित देखभाल से पौधा स्वस्थ रहेगा और फूल तथा फल जल्दी और अच्छे बनेंगे.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.