एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र के खड़गपुर गांव के समीप 1 मार्च की शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई एक बुजुर्ग महिला की आगरा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान मीरा देवी (60 वर्ष) पत्नी रामपाल सिंह के रूप में हुई है। मीरा देवी बीते रविवार को सड़क पार कर रही थीं, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एटा के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।हालांकि, उनकी हालत चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर आगरा रेफर कर दिया था। आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने मृत बुजुर्ग महिला के शव को वापस एटा लाकर सकीट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मृतका के बेटे शिवम कुमार ने बताया कि उनकी मां सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई थीं। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.