शाजापुर जिले के जवादी चौमा गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब सड़कों पर फूट पड़ा। चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को आगर–सारंगपुर मुख्य मार्ग पर बैठकर सुंदरकांड पाठ किया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि जवादी का हनुमान मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कुछ दिन पहले अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पढे़ं: लूडो में हारे पैसों का खौफनाक बदला, छात्रों को कार से अगवा कर कोलार तक पीटा; 3000 रुपये के लिए दरिंदगी
सुंदरकांड पाठ के दौरान ग्रामीणों ने भजन-कीर्तन करते हुए प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरों को नहीं पकड़ा गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। साथ ही मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त की मांग भी रखी।