-खजनी इलाके में रविवार रात का मामला, ग्रामीणों के घर के बाहर एकत्रित होने पर प्रेमी युगल ने उठाया था कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
उनवल। खजनी थाना इलाके में रविवार रात एक प्रेमी युगल ने घरवालों की ओर से पकड़े जाने से बचने के लिए छत से छलांग लगा दी थी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। 20 वर्षीय युवती और 22 वर्षीय युवक का पिछले एक साल से प्रेम संबंध है। विशाल, संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली का निवासी है। रविवार को युवती के गांव तेरहवीं संस्कार में शामिल होने आया था।
सूत्रों के अनुसार, वह चोरी-छिपे युवती के घर पहुंच गया। जानकारी लगते ही गांव में लोग जुट गए और युवक को घेर लिया। भीड़ के दबाव और घरवालों के छत पर चढ़ने के बाद डर के कारण युवक ने युवती का हाथ पकड़कर रात करीब 11 बजे दूसरी मंजिल की छत से लगभग 24 फीट नीचे छलांग लगा दी थी। गिरने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और युवती बेहोश हो गई। गांव वालों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति गंभीर है, लेकिन फिलहाल खतरे से बाहर हैं। चोटें कमर, पीठ और पैरों में हैं, जिसमें पैर में फ्रैक्चर भी शामिल है। युवती की शादी जून में किसी अन्य स्थान पर तय थी। इस संबंध में थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं की है। दोनों का इलाज चल रहा है। संवाद
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.