रायपुर जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाकर कई स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान 350 से अधिक घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
यह कार्रवाई कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर की गई। जांच टीम ने जिले के अलग-अलग विकासखंडों में होटल, दुकानों और गैस एजेंसियों की जांच कर अनियमितताओं का पता लगाया। जांच के दौरान धरसींवा विकासखंड के सेजबहार क्षेत्र में स्थित एक होटल में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया। यहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 8 सिलेंडर जब्त किए गए। इसी इलाके में एक चिकन सेंटर से भी 3 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए, जिनका उपयोग व्यवसाय में किया जा रहा था।
वहीं अभनपुर–नवापारा क्षेत्र में एक दुकान में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया। यहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 26 घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 2 व्यावसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम क्षमता के 4 सिलेंडर जब्त किए गए। खाद्य विभाग की टीम ने Indane से जुड़ी एक ग्रामीण गैस एजेंसी की भी जांच की। भौतिक सत्यापन के दौरान एजेंसी के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया। जांच में 14.2 किलोग्राम क्षमता के 101 भरे और 64 खाली घरेलू सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम क्षमता के 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडरों की कमी सामने आई। इस अनियमितता के बाद एजेंसी परिसर में मौजूद कुल 355 गैस सिलेंडरों को जब्त कर एजेंसी की सुपुर्दगी में रखा गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.