गुरुग्राम में रविवार देर रात जिला नागरिक अस्पताल में इलाज करवाने गई एक युवती पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। पीड़िता का चेहरा और शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। युवती के एक्स बॉयफ्रेंड पर हमला करने के आरोप लगे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय युवती रविवार को अपनी मौसी से मिलने के लिए सुभाष नगर आई थी। नूंह का रहने वाला एक युवक उससे मिलने के लिए पीछे-पीछे आ गया। जहां पर युवती का और युवक का झगड़ा भी हुआ। युवक ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर आए। युवती रात करीब साढ़े आठ बजे शहर के जिला नागरिक अस्पताल में आई थी। जहां आरोपी ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद युवक फरार हो गया। युवती को तुरंत इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए रेफर कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर 10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि अभी तक पीड़िता के बयान नहीं लिए जा सके हैं। जिसके कारण केस भी दर्ज नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.